वाइस प्रिंसिपल का पद खत्म करने का विरोध:शिक्षक संघ रेसला ने किया प्रदर्शन, सीएम के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
वाइस प्रिंसिपल का पद खत्म करने का विरोध:शिक्षक संघ रेसला ने किया प्रदर्शन, सीएम के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

चूरू : चूरू में राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक संघ ने शिक्षा विभाग के नए फैसले का विरोध किया है। शिक्षा विभाग ने उप प्रधानाचार्य का पद समाप्त कर वरिष्ठ व्याख्याता (एल-14) का नया पद बनाया है। रेसला के जिलाध्यक्ष अमित सहारण के नेतृत्व में शिक्षकों ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सहारण ने कहा कि विभाग ने इस नए पद की संरचना के बारे में संगठन से कोई चर्चा नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में राज्य सरकार और व्याख्याताओं को गुमराह किया गया है।
विभाग ने पहले से स्वीकृत 12 हजार 421 उप प्रधानाचार्य पदों को समाप्त कर दिया है। संगठन की मांग है कि व्याख्याता के बाद सीधे प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति दी जाए। जिला सभाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर सरकार वरिष्ठ व्याख्याता का पद समाप्त नहीं करती है तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में आरिफ खान, दुष्यंत सिंह, गुगन जांगिड़, विनय सोनी, श्रवण गुर्जर समेत कई शिक्षक मौजूद थे।