सीकर में मॉर्च्युरी के बाहर परिजनों का प्रदर्शन:बोले- ससुराल वालों ने बेटी को जहर देकर मार दिया, दहेज के लिए परेशान करने का आरोप
सीकर में मॉर्च्युरी के बाहर परिजनों का प्रदर्शन:बोले- ससुराल वालों ने बेटी को जहर देकर मार दिया, दहेज के लिए परेशान करने का आरोप

सीकर : ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता को जहर देकर मारने के आरोप में परिजनों ने सीकर के एसके अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने विवाहिता को जहर देकर मार दिया। परिजन अब आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

जहर देकर मारने का आरोप
भाई सुरेंद्र वर्मा निवासी लोसल (सीकर) ने बताया कि उसकी छोटी बहन मंजू की शादी 8 दिसंबर 2023 को खोरण्डी (डीडवाना-कुचामन) निवासी सीताराम के साथ हुई थी। शादी के 3 महीने बाद ससुराल वाले महिला के साथ दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने लगे। ससुराल वालों ने 3 मार्च को सुबह 9 बजे मंजू को जहर दे दिया। जिससे महिला की मौत हो गई।
दहेज प्रताड़ना के बारे में बता चुकी थी
चाचा चैना राम ने बताया कि जहर देने के बाद उसके ससुराल वालों ने परिजनों को फोन कर कहा कि मंजू ने सफाई करते हुए जहर का सेवन कर लिया। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। तब-तक महिला की मौत हो चुकी थी। आरोप है कि विवाहिता को ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। इसके बारे में कई बार विवाहिता ने पीहर वालों को भी बताया था।
परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वह मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे रहेंगे। हालांकि, अभी तक महिला के शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया है। परिजनों का कहना है कि वह महिला का शव नहीं लेंगे जब तक कोई कार्रवाई नहीं होती। वहीं परिजनों के साथ पुलिस प्रशासन द्वारा समझाइए की जा रही है।