सीकर में शादी में हवाई फायरिंग, SUV के स्टंट किए:दुल्हन घोड़ी पर दुनाली लेकर बैठी; सोशल मीडिया पर वीडियो डाला, FIR
सीकर में शादी में हवाई फायरिंग, SUV के स्टंट किए:दुल्हन घोड़ी पर दुनाली लेकर बैठी; सोशल मीडिया पर वीडियो डाला, FIR

सीकर : सीकर में हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दुल्हन घोड़ी पर दुनाली लिए बैठी है। वहीं एक युवक पिस्टल से फायरिंग करता नजर आ रहा है। इसके बाद लग्जरी SUV से स्टंट का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर आए वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया है। इसमें दुल्हन समेत 3 अन्य युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला सीकर के दादिया थाना इलाके का है। दादिया थाना SHO अशोक कुमार झाझड़िया ने बताया फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।
सीकर के दादिया पुलिस थाने के ASI धोलाराम ने बताया कि इस मामले में एक युवती (दुल्हन), युवराज पुत्र भागीरथ जाट निवासी गुंगारा, राजपाल निवासी भादवासी और महेंद्र निवासी भादवासी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है।
3 तस्वीरों में देखिए फायरिंग और फॉर्च्यूनर-स्कॉर्पियो के स्टंट



सोशल मीडिया पर डाला था वीडियो
धोलाराम ने बताया कि सोशल मीडिया एक्स पर Mahendra5600 नाम की एक आईडी से हर्ष फायरिंग का वीडियो डाला गया था। जो सीकर के दादिया थाना इलाके का होना बताया गया।
ऐसे में मामले को संज्ञान में लिया गया। इसके बाद वीडियो के संबंध में पुलिस थाने के आसूचना अधिकारी कॉन्स्टेबल प्रेम कुमार ने जानकारी जुटाई। इसके बाद जांच में सामने आया कि यह वीडियो गुंगारा गांव में आयोजित एक शादी समारोह का है। जिसमें एक लड़का हाथ में पिस्टल लेकर 3 राउंड फायर कर रहा है। उसके आसपास लोग खड़े हैं।
घोड़ी पर बेटी युवती के हाथ में दुनाली
वहीं वीडियो में एक लड़की घोड़ी पर बैठी हुई है। जिसके आगे एक छोटा बच्चा भी बैठा हुआ है। उस लड़की के हाथ में एक दो नाली (दुनाली) बंदूक है। वहीं सोशल मीडिया पर डाले वीडियो में लग्जरी कारें स्टंट करती हुई भी नजर आ रहीं हैं। वीडियो में स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर दिखाई दे रही है।