चूरू में काली कमली आश्रम की भूमि पर पुलिस चौकी बनाने के लिए देंगे : मोहन मुनि देव
चूरू में काली कमली आश्रम की भूमि पर पुलिस चौकी बनाने के लिए देंगे : मोहन मुनि देव

जनमानस शेखावाटी संवाददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिला मुख्यालय के सी एम बहड़ सर्किल (पंखा चौराहा) पर स्थित काली कमली आश्रम के महंत मोहन मुनि देव ने कहा है कि काली कमली आश्रम की भूमि पुलिस चौकी बनाने के लिए देंगे। मोहन मुनि देव ने इस संबंध में जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा से मौका देखकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाने का आग्रह किया है। महंत ने कहा कि पुलिस अधीक्षक जय यादव और अन्य उच्च अधिकारीगण पुलिस चौकी के लिए काली कमली आश्रम की भूमि लेने की प्रक्रिया को पूरा करें। उन्होंने बताया कि आश्रम की 60 दुकानें हैं। आधे दुकानदार ही किराया देते हैं। उन्होंने कहा कि काली कमली आश्रम की भूमि पर पुलिस चौकी बन जाने से यहां यातायात व्यवस्था सुचारु रहेगी और अपराधों पर भी अंकुश लगेगा। मोहन मुनि देव ने बताया कि एक फरवरी को आश्रम के महंत बसंत मुनि देव की 26वीं पुण्य तिथि के मौके पर रात्रि को जागरण का आयोजन होगा। दो फरवरी को सवेरे दस बजे से ग्यारह बजे तक गायों को गुड़ खिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तत्पश्चात सभी श्रद्धालु प्रसाद अवश्य ग्रहण करें। धर्म पर चर्चा करते हुए मोहन मुनि देव ने कहा कि पक्षियों की संख्या कम हो रही है। मोरों की संख्या काफी कम हो जाने पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि यह भविष्य के लिए हानिकारक है। मोरों की घटती संख्या पर रोक लगनी चाहिए।