स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता: राजेश्वर सिंह
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने ली चुनावी तैयारियों की समीक्षा बैठक, मतदान केंद्रों की निगरानी और मतगणना व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
सीकर : राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सोमवार को सीकर में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन कार्यों से जुड़े अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मतदाता सूचियों, मतदान दलों की रवानगी, कानून-व्यवस्था, संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी और मतगणना की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने जिले की 16 पंचायत समितियों में होने वाले चुनावों की तैयारियों तथा मतदाता सूचियों के प्रकाशन और उनमें जोड़े गए एवं हटाए गए नामों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया और मतदान दलों के आवंटन के लिए होने वाली क्रमबद्ध प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
संवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानी
राजेश्वर सिंह ने सेक्टर और एरिया मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के साथ उनके साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ दो पुलिसकर्मी और प्रत्येक एरिया मजिस्ट्रेट के साथ एक पुलिसकर्मी तैनात किया जाए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने मतदान दलों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था करने तथा मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान और चुनाव के बाद विजयी जुलूस निकालने के संबंध में लागू प्रतिबंधों और दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना कराने को कहा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने मतदान दिवस पर विशेषकर सुबह और शाम के समय फर्जी मतदान की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए।
मतगणना स्थल पर मीडिया को समय पर मिले जानकारी
मतगणना व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए राजेश्वर सिंह ने निर्धारित योजना के अनुसार मतगणना टेबल लगाने तथा मतगणना स्थल पर मीडिया को परिणाम संबंधी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आपसी समन्वय, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ काम करने को कहा।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने मतदान दलों की रवानगी के लिए निर्धारित स्थल, मतदान दलों की व्यवस्थाओं और चुनाव संबंधी तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान दलों की बसों पर क्रमांक अंकित किए जाएंगे, जिससे दलों की रवानगी और आवागमन में सुविधा रहेगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संजीव नैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार और यूआईटी सचिव राजवीर सिंह चौधरी मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2483226

