[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता करे अपने मताधिकार का प्रयोग: राजेश्वर सिंह


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़नेछवाराजस्थानराज्यसीकर

लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता करे अपने मताधिकार का प्रयोग: राजेश्वर सिंह

नेछवा में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में हजारों लोगों ने ली मतदान की शपथ, विद्यार्थियों ने मानव शृंखला और रैली से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

नेछवा : राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह की उपस्थिति में सोमवार को सीकर जिले के नेछवा स्थित सनराइज स्कूल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हजारों विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने स्वयं मतदान करने और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह और जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मानव शृंखला बनाई और मतदान के महत्व से जुड़ी कलाकृतियों तथा संदेश लिखी तख्तियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मतदाता जागरूकता गीतों से मतदान का संदेश दिया। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। इसके बाद उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में विद्यार्थियों ने नारे लगाकर क्षेत्रवासियों को अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित किया।

युवा अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनें

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। इससे देश का भविष्य उज्ज्वल और विकासोन्मुख बनेगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का वास्तविक अर्थ मतभेदों का समाधान शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से करना है।

उन्होंने मतदाताओं से जाति और धर्म से ऊपर उठकर तथा किसी भी अनुचित प्रलोभन में आए बिना योग्य, विचारवान और क्षेत्र की समस्याओं से परिचित जनप्रतिनिधियों का चयन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि ऐसे होने चाहिए, जो आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हों और धरातल पर सक्रिय रहकर लोगों के हित में काम करें।

राजेश्वर सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान गांव, क्षेत्र और जिले में आपसी भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखना भी जरूरी है। चुनाव में कई प्रत्याशी भाग लेते हैं, लेकिन जीत किसी एक की होती है। इसलिए हार-जीत को सहजता से स्वीकार करते हुए खेल भावना के साथ चुनाव में भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के कारण आपसी संबंधों और सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि मतदाता पहचान पत्र के अतिरिक्त निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों के माध्यम से भी मतदाता अपनी पहचान प्रमाणित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान के तहत लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभा सके।

बच्चों के बालहठ से परिवारों में बढ़ेगी मतदान की जागरूकता: आशीष मोदी

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने कहा कि स्कूली विद्यार्थी अपने बालहठ के माध्यम से परिवारजनों और पड़ोसियों को मतदान के लिए प्रेरित कर सकते हैं। इससे लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत की त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था ने लोकतंत्र को गांवों तक पहुंचाया है। ऐसे में प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवारजनों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों को अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से, जबकि पंच और सरपंच के चुनाव मतपत्र के माध्यम से करवाए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने भी की मतदान की अपील

नेछवा के उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी आशीष शर्मा ने आमजन से अधिकाधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। हास्य कलाकार एवं सामाजिक माध्यमों पर चर्चित बनवारी लाल गोस्वामी ने भी लोगों को अपने मताधिकार का पूरा उपयोग करने और योग्य जनप्रतिनिधि चुनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक संजीव नैन, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मतदाता जागरूकता अभियान के प्रभारी राजपाल यादव, उपखंड अधिकारी आशीष शर्मा, विकास अधिकारी रोमा सहारण सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

देखिए कार्यक्रम के PHOTOS…

Related Articles

Mantratoto luwakpoker aladin66 tupaiwin rupiah89