सक्षम नारी, स्वस्थ बचपन, समृद्ध राजस्थान कार्यक्रम
मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणा, आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और साथिनों को रक्षाबंधन पर 1100 रुपए का उपहार
चूरू : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ‘सक्षम नारी, स्वस्थ बचपन, समृद्ध राजस्थान’ कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत 74 करोड़ रुपए से अधिक की राशि लाभार्थियों के खातों में सीधे हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने आशा सहयोगिनियों के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए रक्षाबंधन के अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और साथिनों को 1100 रुपए प्रति लाभार्थी के हिसाब से कुल 14.65 करोड़ रुपए का उपहार दिया।
चूरू में टाउन हॉल से जुड़ा जिला स्तरीय कार्यक्रम
जिला मुख्यालय स्थित मातृश्री कमला गोयनका टाउन हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, सीईओ श्वेता कोचर, आईसीडीएस उपनिदेशक सुभाष बिश्नोई, महिला अधिकारिता सहायक निदेशक राजेंद्र शेखावत सहित अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और साथिन मौजूद रहीं।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में महिला एवं बाल स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने की बात कही। उन्होंने उपस्थित लोगों को सभी निर्वाचनों में आवश्यक रूप से मतदान करने की शपथ भी दिलाई।
महिलाओं और बालिकाओं के लिए कई योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की हर बेटी को पोषण, शिक्षा और विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में सहायता राशि बढ़ाई गई है और दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को मा वाउचर योजना के माध्यम से निशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं के लिए 1.50 लाख रुपए तक की प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया गया है। वहीं बड़ी संख्या में बालिकाओं को साइकिल और स्कूटी भी वितरित की गई हैं।

महिला उद्यमिता को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत ऋण सीमा 50 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपए की गई है। राजीविका के माध्यम से लाखों महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है तथा बड़ी संख्या में महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को मिल रही सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 62 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों पर करीब 35 लाख लाभार्थियों को पूरक पोषण सहित अन्य सेवाएं दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना के तहत 3 से 6 वर्ष के करीब 12 लाख बच्चों को सप्ताह में पांच दिन दूध उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही एक हजार नए आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित किए गए हैं।
विभिन्न योजनाओं में करोड़ों रुपए की डीबीटी
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और साथिनों की वर्दी के लिए 13.41 करोड़ रुपए, कार्यकर्ताओं के सीबीई एवं डाटा प्लान के लिए 16.77 करोड़ रुपए, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 23.43 करोड़ रुपए, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना में 6.36 करोड़ रुपए तथा लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 14.75 करोड़ रुपए की राशि लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने राज्य के 27 आकांक्षी ब्लॉकों में किशोरी बालिका योजना का शुभारंभ किया तथा मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक ऋण चेक भी सौंपे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, सांसद राव राजेंद्र सिंह, विधायक गोपाल शर्मा, आईसीडीएस निदेशक वासुदेव मालावत सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रदेशभर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और साथिनें कार्यक्रम से जुड़ीं।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2314294


