क्लासमेट से मिलने गया युवक,परिवार जागा, चोर समझकर मार डाला:करंट देकर मारा, शव बोरे में डालकर हाईवे किनारे फेंका
क्लासमेट से मिलने गया युवक,परिवार जागा, चोर समझकर मार डाला:करंट देकर मारा, शव बोरे में डालकर हाईवे किनारे फेंका

जोधपुर : भारत के टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल जीतने के बाद जोधपुर में जश्न मनाने निकले 16 वर्षीय युवक की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। युवक की हत्या बिजली के तारों से करंट देकर की गई थी। वह जश्न मनाने के बहाने अपनी क्लासमेट से मिलने उसके घर चला गया था। तभी परिवार वाले जाग गए और उसे चोर समझकर मार डाला, इसके बाद शव बोरे में भरकर हाईवे किनारे फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान चेतन पुरी (16) पुत्र हीर पुरी गोस्वामी निवासी बस स्टैंड कैरू के रूप में हुई। चेतन नौवीं क्लास में पढ़ता था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अशोक (42) पुत्र ओमाराम माली निवासी नोखड़ा बेरा केरू, ओमाराम (66) पुत्र भीखाराम माली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चेतन पुरी आरोपी अशोक के खेत में फसल की सुरक्षा के लिए चारों ओर लगाई गई बैट्री झटका मशीन के तारों से उलझ कर गिरा। इसके बाद बिजली के तारों से करंट देकर उसकी हत्या कर दी गई।

गौरतलब है कि केरू निवासी चेतन गिरी (16) पुत्र हीर पुरी का 29 जून को संदिग्ध हालत में शव मिला था। वह उस दिन देर रात को भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच हुए टी-20 विश्वकप का फाइनल मैच के खत्म होने के बाद घर से निकला था।
जोधपुर डीसीपी वेस्ट राजेश कुमार यादव ने बताया कि चेतन उस रात अपनी सहपाठी से मिलने उसके घर गया था, लेकिन घरवाले जाग गए। तब वह वहां से भागने लगा। घरवालों ने समझा कि चोर आया है। वे चिल्लाने लगे। तब नाबालिग खेतों से होकर भागने लगा। तभी वह खेत में बिछाए गए तारों से टच होने पर करंट की चपेट में आ गया। बाद में दोनों आरोपी पिता-पुत्र ने उसे बिजली के तारों से करंट देकर मार डाला। घटना के बाद उन्होंने शव बोरे में डालकर कैरू के पास जोधपुर-जैसलमेर हाईवे किनारे पटक दिया था।
नाबालिग के पिता हीर पुरी ने बताया कि रात को करीब पौने 12 बजे वो टी-20 वर्ल्ड कप मैच में भारत की जीत के बाद पटाखे छोड़ने घर से निकला था। इसके पहले उसने सोमवार से शुरू होने वाली स्कूल के लिए कॉपी-किताबें जमाई थीं। जब मैं रात को जागा तो वह दिखा नहीं। इस पर मैं सो गया। सुबह 4 बजे उठा, तब तक भी वह नहीं आया। सुबह गांव में ही उसके दोस्तों और ग्रामीणों से पूछा, लेकिन किसी को जानकारी नहीं थी।

इस बीच सुबह सूचना मिली कि 12 मील के पास एक बच्चे का शव बोरे में मिला है। मैं वहां गया। वहां भीड़ थी। पुलिस भी खड़ी थी। मेरा बेटा गायब था। उसकी चिंता थी। जैसे ही लोगों की भीड़ हटाकर जाकर देखा तो शव मेरे बेटे का ही निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के शरीर पर करंट से जलाने के निशान थे। पहले उसे मारा, उसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए फेंका। इस मामले के सामने आने के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने प्रदर्शन कर विरोध भी जताया था।