हत्या का आरोपी दिल्ली पुलिस का जवान गिरफ्तार:जीजा का मर्डर करने के लिए गया था बहन के घर, शस्त्रागार से निकालकर लाया था हथियार
हत्या का आरोपी दिल्ली पुलिस का जवान गिरफ्तार:जीजा का मर्डर करने के लिए गया था बहन के घर, शस्त्रागार से निकालकर लाया था हथियार

चूरू : हरियाणा के चरखी दादरी में बहन के ससुराल में फायरिंग और मर्डर कर भागे दिल्ली पुलिस के जवान को रतननगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीएसटी और रतननगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मर्डर के आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से एक अत्याधुनिक एमपी-5 हथियार भी जब्त कर लिया है।
एसपी जय यादव ने बताया कि शुक्रवार दोपहर डीएसटी से सूचना मिली कि सूरतपुरा गांव में एक व्यक्ति बड़े बैग में हथियार लेकर घूम रहा है। जो गांव के लोगों से वाई फाई लेकर मोबाइल से कहीं कॉल कर रहा है। सूचना मिलने के बाद डीएसटी और रतननगर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक ओर से डीएसटी की टीम और दूसरी ओर से रतननगर पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। पुलिस ने सूरतपुरा और जुहारपुरा के बीच रेलवे पुलिया के पास से मर्डर के आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने युवक को दबोच लिया। जिसके पास से एक एमपी-5 हथियार भी जब्त किया गया है।
एसपी जय यादव ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोकलवास बाढ़ा चरखी दादरी हरियाणा निवासी साकेत शर्मा (27) बताया। जिसने बताया कि वह दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल है। वर्तमान में वह 7जी बटालियन मालवीय नगर दिल्ली में पोस्टेड है। उसकी बहन की शादी ग्राम बसौला चरखी दादरी में हुई थी। फिलहाल अपने जीजा रजत के साथ किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। वह जिसको मारने के लिए अपनी बहन के घर बसौला चरखी दादरी में गया था। जहां उसने एमपी-5 से 34 राउंड फायर किए। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हैं। वारदात को अंजाम देकर आरोपी साकेत शर्मा एक कैब बुक कर बसौला के लिए रवाना हुआ, जहां रास्ते में कैब ड्राइवर को हथियार दिखाकर कैब छीन ली। वह कैब से लुहारू पहुंच गया। जहां से ट्रेन में बैठकर चूरू के मकड़ीनाथ नगर रेलवे स्टेशन पर उतर गया। जहां वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस आरोपी को शनिवार दोपहर कोर्ट में पेश करेगी।
शस्त्रागार से निकलवाया था हथियार और 35 राउंड पुलिस की ओर से पूछताछ में सामने आया कि साकेत शर्मा करीब डेढ़ साल पहले ही दिल्ली पुलिस में लगा था। अपने जीजा रजत को मारने के लिए गुरुवार रात को शस्त्रागार से एमपी-5 हथियार और 35 राउंड निकलवाया। इसके बाद वह कैब कर अपनी बहन के ससुराल पहुंचा। जहां वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में बहन को दादा ससुर की मौत हो गई, जबकि दादी सास, ससुर और भाई घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए रोहतक भर्ती किया गया है।
जीजा से नाराज चल रहा था साकेत
चरखी दादरी के गांव घसौला निवासी रजत की शादी दिल्ली पुलिस के जवान साकेत निवासी गोपालवास की बहन ऊषा के साथ हुई थी। यह शादी दिसंबर 2023 में हुई। तब लड़की के घरवालों को बताया गया था कि रजत गृह मंत्रालय में नौकरी करता है, लेकिन बाद में लड़की के घरवालों को पता चला कि रजत के पास नौकरी नहीं है। इससे साकेत नाराज था। इसके अलावा रुपए के लेनदेन की बात भी सामने आई है। घटना के समय आरोपी की बहन अपने ससुराल में नहीं थी। वह मायके गई हुई थी।
आरोपी के बारे में सूचना देने वाली डीएसटी की टीम ने रतननगर पुलिस के साथ मिलकर मर्डर के आरोपी साकेत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करने वाली टीम में डीएसटी इंचार्ज वीरेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल मुकेश, मुकेश कुमार, धर्मेन्द्र, मोहरपाल, अजय, प्रमोद कुमार और भीम सिंह शामिल रहे।