स्कूल के बच्चे रोकेंगे पानी की बर्बादी:शिक्षक बताएंगे घर में जल संरक्षण कैसे करें, शिक्षा विभाग की पहल
स्कूल के बच्चे रोकेंगे पानी की बर्बादी:शिक्षक बताएंगे घर में जल संरक्षण कैसे करें, शिक्षा विभाग की पहल

झुंझुनूं : लगातार गिर रहे भू जल स्तर को रोकने लिए अब स्कूली बच्चों का सहारा लिया जाएगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग नई पहल शुरू करने जा रहा है। पानी की बर्बादी रोकने लिए बच्चों को पाठ पढ़ाया जाएगा। जल संरक्षण का महत्व समझाया जाएगा। प्रार्थना सभा में बच्चों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने कार्य योजना तैयार की है।
30 अप्रैल तक जल पखवाड़ा मनाया जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार पानी के अत्यधिक दोहन से भू-गर्भ जलस्तर लगातार घटता जा रहा है। पानी की बर्बादी जल संकट को और बढ़ा रही है। गर्मी में यह समस्या और बढ़ने लगती है।
ऐसे में जल संरक्षण का पाठ पढ़ाना जरूरी है। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना, जल संरक्षण के लिए कार्य योजना तैयार करना, जल संग्रहण ढांचों का निर्माण करना है। अभियान को गति देने के लिए प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में पखवाड़ा मनाया जाएगा।
अभियान को आगे बढ़ाने के लिए स्कूल स्टाफ सभी विद्यार्थियों को रोजाना प्रार्थना सभा में जल शपथ दिलवांएगे और बताएंगे कि घर में जल संरक्षण कैसे किया जा सकता है। स्कूल के अलावा घर में जल संरक्षण का महत्व और इसके महत्व के बारे में कार्यशाला के माध्यम से समझाया जाएगा। जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों में वाद-विवाद, निबंध, प्रश्नोत्तर आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं भी होंगी। इसके लिए 30 अप्रैल तक जल पखवाड़ा मनाया जाएगा।