विधायक ने कर्मचारी को दी बाड़मेर ट्रांसफर की धमकी:शाम 5 बजे तक 56.73 % मतदान, लापरवाही बरतने पर 2 कर्मचारी निलंबित
विधायक ने कर्मचारी को दी बाड़मेर ट्रांसफर की धमकी:शाम 5 बजे तक 56.73 % मतदान, लापरवाही बरतने पर 2 कर्मचारी निलंबित

चूरू : चूरू लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। शाम 5 बजे तक 56.73 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं फर्जी मतदान रोकने की बात को लेकर रामपुर रेणु के बूथ संख्या 36 पर बूथ एर्जेंट अनूप (47) के सिर पर टेबल से हमला कर दिया। जिससे अनूप के सिर पर चोट आई है। इस लोकसभा क्षेत्र में 22 लाख 22 हजार 213 वोटर अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं। वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है। यहां 11 लाख 64 हजार 762 पुरुष वोटर और 10 लाख 57 हजार 435 महिला वोटर हैं। इसके अलावा 16 थर्ड जेंडर भी हैं। चुनाव में लापरवाही बरतने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने 2 कर्मचारियों को निलंबित किया है।
शाम 5 बजे तक 56.73 प्रतिशत मतदान
चूरू लोकसभा सीट में शाम 5 बजे तक 56.73 प्रतिशत मतदाताओं ने वोटिंग की। चूरू विधानसभा में 56.86, रतनगढ़ में 52.01, सादुलपुर में 60.27, तारानगर में 63.15, सरदारशहर में 50.65, सुजानगढ़ में 49.63, नोहर में 61.68 और भादरा में 59.60 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला।
विधायक ने ट्रांसफर कराने की दी धमकी
चूरू के लोहिया कॉलेज मतदान केंद्र में बने बूथ में वोटिंग के दौरान शुक्रवार दोपहर विधायक हरलाल सहारण पहुंचे। इस दौरान विधायक ने बूथ में तैनात कर्मचारी को बाड़मेर ट्रांसफर कराने की धमकी दी।
दोपहर तीन बजे तक 46.61 प्रतिशत मतदान
चूरू लोकसभा सीट में दोपहर तीन बजे तक 46.61 प्रतिशत मतदाताओं ने वोटिंग की। चूरू विधानसभा में 46.70, रतनगढ़ में 42.39, सादुलपुर में 49.36, तारानगर में 52.82, सरदारशहर में 40.91, सुजानगढ़ में 40.55, नोहर में 50.65 और भादरा में 49.54 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला।
दिव्यांग कर्मचारी करा रहे मतदान

लोकसभा चुनाव में शहर के केंद्रीय स्कूल में पांच भाग बनाए गए हैं। जिनमे एक दिव्यांग बूथ भी बनाया गया है। जिसमें सामान्य मतदाता मतदान कर रहे हैं, लेकिन उसमें ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारी दिव्यांग थे। बूथ संख्या 168 पर चार दिव्यांग कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
फर्जी मतदान रोकने पर मारपीट

लोकसभा चुनाव में फर्जी मतदान रोकने की बात को लेकर रामपुर रेणु के बूथ संख्या 36 पर बूथ एर्जेंट अनूप (47) के सिर पर टेबल से हमला कर दिया। जिससे अनूप के सिर पर चोट आई है। उसने बताया कि नरपत सिंह और नाहर सिंह ने उसके साथ फर्जी मतदान की बात को लेकर मारपीट की है। पीड़ित ने भालेरी पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। घायल बूथ एजेंट अनूप को डीबी अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
शादी के बाद वोट देकर ससुराल गई संगीता
लोकसभा चुनाव में मतदान के प्रति जागरूकता देखने को मिली है। चूरू विधानसभा के गांव जासासर में संगीता (24) की 18 अप्रैल को शादी थी। जिसकी अलीगढ़ से गुरुवार शाम बारात आई थी। 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव होने के कारण संगीता ने शुक्रवार दोपहर जासासर गांव में बूथ संख्या 52 पर अपने पति राहुल सिंह के साथ पहुंची, जहां मतदान करने के बाद अपने ससुराल अलीगढ़ के लिए रवाना हुई। मतदान के चलते बारात को रोक लिया गया था। जिसको शुक्रवार दोपहर दुल्हन संगीता के वोट देने बाद रवाना किया गया।
लापरवाही बरतने पर बीसीएमओ और शिक्षक निलंबित
लोकसभा चुनाव में लापरवाही बरतने पर जिला निर्वाचन अधिकारी पुष्पा सत्यानी ने तारानगर बीसीएमओ डॉ. चंदन सिंह और शिक्षक रामचंद्र को निलंबित किया है। बीसीएमओ पर दायित्व निर्वहन में लापरवाही और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने का आरोप है। निलंबन काल में मुख्यालय जिला निर्वाचन कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करानी होगी। वहीं शिक्षक रामचंद्र पर मतदान दल संख्या 961 में पीओ 2 का दायित्व था। शिक्षक पर सिरसला स्थित मतदान केंद्र 78 पर शराब पीकर लोगों से दुर्व्यवहार करने का आरोप है। सेक्टर अधिकारी, पीआरओ और मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में सादुलपुर एआरओ कार्यालय में उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
सुबह 11 बजे तक 23.63 प्रतिशत मतदान
चूरू लोकसभा सीट पर सुबह 11 बजे तक 23.63 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि सुबह 9 बजे तक 11.025 प्रतिशत मतदान हुआ था। 9 बजे के बाद मतदाताओं ने मतदान में काफी रुचि दिखाई है। शहर के कई बूथों पर मतदाताओं की लाइन लगी हुई है। जिले में मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है।

फर्जी मतदान को लेकर चूरू के बालिका कॉलेज स्थित बूथ पर हंगामा हुआ। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांतिपूर्ण मतदान करने के लिए समझाया और मामला शांत कराया।
राहुल कस्वां ने किया मतदान
कांग्रेस प्रत्याशी राहुल कस्वां ने कालरी गांव में बूथ नंबर 151, 152 पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपने मत का प्रयोग करने की अपील की।

चूरू लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र झाझड़िया ने जयपुरिया खालसा गांव में स्थित बूथ 255 पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों में बहुत ही जोश और उत्साह है। भाजपा ने किसान को उम्मीदवार बनाया है। मोदी जी की योजनाओं का लोगों को लाभ मिल रहा है।
नवविवाहिता ने पीहर आकर किया मतदान
चूरू के गिनडी पट्टा राजपुरा में 18 अप्रैल को डॉ. मोनिका सुंडा की शादी थी। जिसकी बारात दूधवाखारा गांव से आए थी। जिसकी 18 अप्रैल की रात को शादी थी। जिसके बाद वह अपने ससुराल गई। 19 अप्रैल की सुबह अपने पीहर वापस आकर बूथ संख्या 69 पर डॉ. मोनिका सुंडा ने मतदान किया।

चूरू के बूथ संख्या 133 पर व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं होने के कारण बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं को उनके परिजन सहारा देकर मतदान करवाने के लिए ला रहे हैं। इस मामले में बीएलओ महेंद्र कुमार का कहना है कि यह सारी व्यवस्थाएं प्रशासन की ओर से की जाती हैं। भाजपा कार्यकर्ता ने इसकी शिकायत जिला कलेक्टर पुष्पा सत्यानी से भी की है। जिस पर उन्होंने कहा की व्यवस्था कर दी जाएंगी।

लोकसभा चुनाव को लेकर चूरू में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह सात बजे शहर के बूथ संख्या 145 में मतदान के लिए मतदाताओं की कतार लग गई।
