खेतड़ी में होगी सीएम भजनलाल की सभा:28 फरवरी को यमुना नहर को लेकर होगी धन्यवाद सभा, अधिकारियों ने किया नेहरू मैदान का निरीक्षण
खेतड़ीनगर में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अधिकारियों ने किया नेहरू मैदान का निरीक्षण, 28 फरवरी को यमुना नहर को लेकर होगी धन्यवाद सभा

जनमानस शेखावाटी ब्यूरो चीफ : आज़ाद अहमद खान
खेतड़ी नगर : खेतड़ी तहसील में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कॉपर के नेहरू मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री बनने के बाद भजनलाल शर्मा पहली बार खेतड़ी में 28 फरवरी को खेतड़ी नगर में आयोजित होने वाली धन्यवाद सभा में भाग लेने के लिए आ रहे हैं।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने समारोह को लेकर आवश्यक जानकारी जुटाई। विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने बताया कि प्रदेश सरकार, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री व हरियाणा सरकार के बीच हुए जमुना जल समझौते को लेकर धन्यवाद सभा का आयोजन किया जाएगा। दोनों प्रदेशों के बीच हुए जमुना जल समझौते से शेखावाटी के लिए काफी फायदा होगा और आने वाले समय में पेयजल की किल्लत दूर हो जाएगी।
नेहरू मैदान में होगी सभा
नेहरू मैदान में होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से तैयारी की जा रही है। इस दौरान नेहरू मैदान में आयोजित होने वाले समारोह को लेकर सभा स्थल, हेली पैड, पार्किंग सहित अन्य जगहों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उपखंड लेवल के अधिकारियों के साथ वार्ता कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।
विधायक बोले-विकास को लगेंगे पंख
विधायक गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे से खेतड़ी के विकास को नए पंख लगेंगे। खेतड़ी के विकास के लिए कुछ अलग से नई योजनाएं बनाई जा रही है। अब खेतड़ी अपने खोए हुए स्वरूप को वापस प्राप्त करेगी और पर्यटक नगरी के रूप में खेतड़ी को विकसित करने के लिए अपने पूरे प्रयास किए जाएंगे।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर एडीएम अनिल महला, एसडीएम जय सिंह चौधरी, डीएसपी सतीश वर्मा, सीआई भंवरलाल कुमावत, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन ताराचंद सैनी, धर्मा पहलवान, सतीश खरड़िया, बबलू अवाना, एएसआई रमेश शर्मा, नीमकाथाना तहसीलदार महेश ओल, रामनिवास लादी, सुरेंद्र काजला, नरेश गुर्जर सहित अनेक लोग मौजूद थे ।