किसानों का दिल्ली कूच, शंभू बॉर्डर सील:पंजाब से हरियाणा में एंट्री बंद, दिल्ली के लिए 4 रूट, ट्रैक्टर रोकने को घग्गर नदी खोदी
किसानों का दिल्ली कूच, शंभू बॉर्डर सील:पंजाब से हरियाणा में एंट्री बंद, दिल्ली के लिए 4 रूट, ट्रैक्टर रोकने को घग्गर नदी खोदी

अंबाला : संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और किसान मजदूर मोर्चा समेत 26 किसान संगठन 13 फरवरी को दिल्ली कूच करेंगे। पंजाब के किसान 10 हजार ट्रैक्टर ट्रॉलियों पर दिल्ली जाने के लिए हरियाणा में दाखिल होंगे। इसके लिए शंभू बॉर्डर, डबवाली और खनौरी बॉर्डर को चुना गया है।
इसे देखते हुए हरियाणा में किसान नेताओं की धरपकड़ शुरू हो गई है। पुलिस नेताओं को नजरबंद करने के लिए उनके घर दबिश दे रही है। पंजाब के किसानों को हरियाणा के रास्ते दिल्ली जाने से रोकने के लिए अंबाला में धारा 144 लागू कर दी गई है।
पंजाब और हरियाणा के बीच बने शंभू बॉर्डर को सीमेंट की बैरिकेडिंग लगा पूरी तरह सील कर दिया गया है। प्रशासन ने घग्गर नदी के ऊपर बने ब्रिज को भी बंद कर दिया है। उसके अंदर भी खुदाई की जा रही है ताकि किसान ट्रैक्टरों से उसके जरिए न निकल सकें।
लाइव अपडेट्स…
– DGP शत्रुजीत कपूर ने अंबाला-चंडीगढ़ रोड पर पड़ने वाले संद्दोपुर बॉर्डर का दौरा किया।
– शंभू बॉर्डर पर पुलिस फोर्स और बैरिकेडिंग देखकर किसान वापस पंजाब की तरफ लौट गए।
– रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की टुकड़ी भी शंभू बॉर्डर पर पहुंच गई है।
– शंभू बॉर्डर पर पंजाब की तरफ से किसान जुटना शुरू हो गए हैं।
– कैथल में भी धारा 144 लागू कर दी गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए DC प्रशांत पंवार ने ऑर्डर जारी किए हैं।
– दिल्ली कूच को लेकर टिकरी बॉर्डर पर भी पुलिस अलर्ट पर है। बैरिकेड्स और क्रेन खड़ी कर दी गई हैं। अभी बॉर्डर बंद नहीं किया गया है। DCP जिमी चिराम ने बॉर्डर का जायजा लिया।
– किसानों के कूच को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से चर्चा हुई है।
– लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वह पैदल ही शंभू बॉर्डर क्रॉस कर रहे हैं। कुछ नदी के रास्ते जाने की कोशिश में हैं। इसको लेकर पुलिस के जवान नदी में तैनात किए गए हैं।
– पंजाब और हरियाणा के बीच चलने वाली सभी बस सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
– अंबाला में शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के जिला प्रधान गुरमीत सिंह माजरी के घर पुलिस ने दबिश दी है।







हरियाणा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
हरियाणा पुलिस के अनुसार, नेशनल हाईवे-44 पर ट्रैफिक बाधित होने पर चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्री डेराबस्सी, बरवाला/रामगढ़, साहा, शाहबाद , कुरुक्षेत्र के रास्ते या फिर पंचकूला, NH-344 यमुनानगर इंद्री/पिपली, करनाल होते हुए दिल्ली जा सकते हैं।
इसी प्रकार, दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाले यात्री करनाल, इंद्री/पिपली, यमुनानगर, पंचकूला होते या फिर कुरुक्षेत्र, शाहबाद, साहा, बरवाला, रामगढ़ होते हुए अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच सकते हैं।

पंजाब के पटियाला से अंबाला आने-जाने वाली रोड का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। पटियाला के DC शौकत अहमद ने बताया कि अंबाला से दिल्ली जाने के लिए 4 रूट तय कर दिए गए हैं।
1. पहला शंभू, राजपुरा, बनूड़ एयरपोर्ट रोड, डेरा बस्सी, अंबाला, दिल्ली है।
2. दूसरा शंभू, राजपुरा, बनूड़, पंचकूला, नाडा साहिब, बरवाला, शहजादपुर, साहा, शाहाबाद से दिल्ली है।
3. तीसरा राजपुरा, पटियाला, पिहोवा, कुरूक्षेत्र से दिल्ली है।
4. चौथा रूट राजपुरा, पटियाला, पिहोवा से 152D एक्सप्रेसवे रोहतक से दिल्ली जाया जा सकता है।
वहीं सोनीपत, झज्जर, पंचकूला के बाद कैथल में भी धारा 144 लगा दी गई है। पंजाब से चंडीगढ़ होते हुए किसान पंचकूला के रास्ते भी दिल्ली जाने के लिए हरियाणा में एंट्री कर सकते हैं। राज्य में किसानों को रोकने के लिए करीब 150 नाके लगाए गए हैं।

प्रशासन की आमजन को हिदायत
प्रशासन द्वारा जग्गी सिटी सेंटर के सामने चंडीगढ़ की तरफ से रास्ते को डायवर्ट किया जाएगा। लोगों को पंजाब जाने से बचने की सलाह दी गई है। स्थिति बिगड़ी तो आने वाले दिनों में अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152, अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे एनएच-65, पानीपत-जालंधर नेशनल हाईवे-44 व अंबाला-काला अंब नेशनल हाईवे 344 को भी बंद किया जा सकता है।

फुल बॉडी प्रोटेक्टर गेयर सूट से लैस होंगे जवान
किसान आंदोलन से निपटने के लिए पुलिस की स्पेशल टुकड़ियों को आगे करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा पर भी ध्यान दिया गया है। जवानों के लिए फुल बॉडी प्रोटेक्टर गेयर सूट मंगवाए गए हैं, जिन्हें पहनने के बाद न तो जवानों पर लाठी, डंडों का असर होगा और न ही धक्का-मुक्की व पत्थर बाजी का।
इस सूट में सामान्य से काफी मजबूत हेलमेट है, जिसमें आगे शीशा नहीं, बल्कि लोहे की मजबूत जाली है। ये सूट छाती, हाथों, टांगों, बाजू, पेट, पीठ पूरी तरह से कवर करेगा। मुलाजिमों की सहूलियत के लिए सूट का काफी लाइट वेट रखा है, ताकि वह आसानी से दौड़ लगा सके।
करनाल से मंगवाए ड्रोन से रखी जाएगी निगरानी
पुलिस ड्रोन से शंभू बॉर्डर पर नजर रखेगी। यह ड्रोन सामान्य से काफी बढ़ा है और इस पर बरसात का भी कोई असर नहीं रहेगा। ड्रोन करनाल से मंगवाया गया है। लगभग 1 घंटे तक बिना नीचे उतारे इससे वीडियोग्राफी की जा सकती है। जैसे ही बैटरी कम होती है तो ड्रोन अपने आप ही नीचे आ जाएगा। पुलिस लाइन मैदान में इस ड्रोन को पायलट पवन कुमार व उसकी टीम ने चलाकर देखा।

मल्टी बैरल लांचर गन से लैस नई गाड़ियां
पुलिस ने मल्टी बैरल लांचर गन से लैस नई गाड़ियां शामिल की गई हैं। किसान आंदोलन के लिए 4 गाड़ियां तैनात रहेंगी। एक गाड़ी पर लगी गन से करीब आधा दर्जन आंसू गैस के गोले छोड़े जा सकते हैं। अंबाला के अलावा इसमें पंचकूला की गाड़ियों को भी शामिल किया है। नई गाड़ियों में न केवल गन है,बल्कि पीछे केबिन भी हुआ है, ताकि अधिक जवानों को बैठाकर आगे तक ले जा सके।
आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात होंगी टुकड़ी
आपात स्थिति से निपटने व कानून व्यवस्था बनाने के लिए अंबाला में गठित चारों कंपनियों एल्फा, बरेवो, चार्ली व डेल्टा का गठन किया गया है। चारों कंपनियों में से प्रत्येक कंपनी में 107-107 कुल 428 जवानों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से अर्ध सैनिकों बलों की 12 टुकड़ियां बुलाई गई हैं, जिनमें 850 जवान होंगे।
अंबाला पुलिस को लगभग पिछले 25 दिनों से लगातार मॉडर्न राइफल जेवी पीसी, सिग राइफल, असाल्ट राइफल, एके-47, 12 बोर पंप एक्शन गन, एमएसएल, एसएलआर के चलाने व रख-रखाव के बारे में विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है।