धौलपुर-बांसवाड़ा से गुजरेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा:मार्च में होगी राजस्थान में एंट्री; 128 KM का रूट
भारत जोड़ो न्याय यात्रा : धौलपुर-बांसवाड़ा से गुजरेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा:मार्च में होगी राजस्थान में एंट्री; 128 KM का रूट

भारत जोड़ो न्याय यात्रा : कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ राजस्थान के दो जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के रूट मैप के अनुसार इसमें धौलपुर और बांसवाड़ा जिले कवर होंगे। दोनों जिलों में 128 किलोमीटर का सफर तय होगा। यात्रा दो फेज में राजस्थान से होकर गुजरेगी। पहले फेज में उत्तर प्रदेश से धौलपुर जिले में आकर ग्वालियर के लिए निकलेगी और फिर मध्यप्रदेश में चलेगी। मध्यप्रदेश के बाद यात्रा बांसवाड़ा जिले से फिर राजस्थान में एंट्री करेगी। बांसवाड़ा से यात्रा गुजरात में प्रवेश करेगी।
राजस्थान में मार्च के आसपास यात्रा की एंट्री होगी। इस बार हाइब्रिड मोड अपनाया गया है, जिसमें केवल शहरों और चुनिंदा जगहों पर ही राहुल गांधी पैदल चलेंगे। बाकी यात्रा बस से पूरी होगी। धौलपुर और बांसवाड़ा में चुनिंदा जगहों पर राहुल गांधी पैदल चलेंगे और कुछ सभाओं को संबोधित करेंगे।
लोकसभा चुनाव से पहले राहुल की यात्रा पर निगाह
राहुल की यात्रा लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हो रही है। राजस्थान में इस यात्रा में दो लोकसभा सीट कवर होंगी। कांग्रेस का दावा है कि यात्रा से इन लोकसभा सीट पर फायदा होगा। पार्टी के वर्कर की एकजुट होकर चुनाव में उतरने की संभावना बढ़ेगी। बांसवाड़ा इलाके से राहुल गांधी की यात्रा निकलेगी, वहां भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) का प्रभाव है। बीएपी ने इस इलाके में कांग्रेस और बीजेपी के समीकरण बिगाड़ दिए हैं।
भारत जोड़ो यात्रा के रूट पर विधानसभा चुनाव में सिर्फ 8 सीट मिली
राजस्थान में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के रूट पर विधानसभा चुनाव-2023 में कांग्रेस की सीटें पहले से कम हो गईं। राहुल की यात्रा के रूट में कुल 19 में से केवल 8 सीट कांग्रेस को मिली। जबकि 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने 13 सीट जीती थीं। यात्रा वाले रूट पर कांग्रेस को 5 सीट का नुकसान हुआ है। यात्रा कोटा की 5, झालावाड़, टोंक व बूंदी की 1-1, दौसा की 4, सवाई माधोपुर की 3 और अलवर की 4 सीटों से होकर गुजरी थी।
14 जनवरी से शुरू होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा
राहुल गांधी 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू करेंगे। यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। यह यात्रा 14 राज्य और 85 जिलों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल पैदल और बस से 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करेंगे।