प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन फूंका, पथराव में दो SHO घायल:जाम खुलवाने पहुंचे पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे; 20 के खिलाफ केस दर्ज
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन फूंका, पथराव में दो SHO घायल:जाम खुलवाने पहुंचे पुलिसकर्मी जान बचाकर भागे; 20 के खिलाफ केस दर्ज

केकड़ी : केंद्र सरकार के हिट एंड रन कानून का विरोध उग्र हो गया है। सोमवार देर रात केकड़ी जिले के भिनाय थाना इलाके में हड़ताल कर रहे ड्राइवरों व प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ी में पहले तोड़फोड़ की फिर आग के हवाले कर दिया।

घटना बांदनवाड़ा इलाके में हुई। यहां ड्राइवरों ने जाम लगा रखा था। जिसे खुलवाने गए पुलिसकर्मियों पर वाहन चालकों समेत स्थानीय लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। घटना में केकड़ी व सरवाड़ थाना इंचार्ज और कुछ पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। केकड़ी सिटी थाना के पुलिस व्हीकल को आग लगाई गई है। रात में अजमेर व केकड़ी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस जाप्ता पर पथराव के बाद मचा हड़कंप
सोमवार रात वाहन चालकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांदनवाड़ा के पास जाम लगा दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य व पुलिस उपाधीक्षक संजय सिंह चंपावत जाप्ता लेकर पहुंचे। पुलिसकर्मी ड्राइवरों को समझा रहे थे। भारी पुलिस बल देख प्रदर्शनकारियों को लगा कि पुलिस उन्हें जबरन खदेड़ने आ रही है।
ऐसे में देखते ही देखते मौके पर भगदड़ के हालात बन गए। जाम लगा रहे लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई।

भारी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात
घटना में केकड़ी सिटी थानाधिकारी प्रदीप कुमार, सरवाड़ थानाधिकारी सुरेंद्र गोदारा समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई। प्रदर्शनकारियों ने केकड़ी सिटी थाना पुलिस के वाहन को आग लगा दी। इसका पता चला तो अजमेर आईजी लता मनोज कुमार, अजमेर पुलिस अधीक्षक चुनाराम जाट, केकड़ी पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। इलाके में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। मंगलवार को फिलहाल शांति है।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस कर रही कार्रवाई
केकड़ी एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया- सोमवार देर रात को हुई घटना के संबंध में करीब 20 नामजद लोगों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। घटना के दौरान सरवाड़ थाना अधिकारी सुरेंद्र गोदारा, केकड़ी सिटी थानाधिकारी प्रदीप कुमार और कॉन्स्टेबल के चोटें आई हैं। जाम खुलवा दिया गया है। पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता मौके पर है।