हजारों दीपों से जगमगाया साहवा का ऐतिहासिक गुरुद्वारा, प्रकाश पर्व पर उमड़ा आस्था का सैलाब
कनाडा और अमेरिका से भी पहुंचे श्रद्धालु, शबद-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण; अटूट लंगर में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
साहवा : कस्बे के ऐतिहासिक श्री गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार को सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित पारंपरिक दीपोत्सव मेले में राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों और विदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कनाडा, अमेरिका सहित अन्य देशों से आए प्रवासी भारतीयों ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेककर गुरु साहिब के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

हजारों दीपों की रोशनी से नहाया पवित्र सरोवर
प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। शाम ढलते ही श्रद्धालुओं ने हजारों मिट्टी के दीप प्रज्वलित किए। दीपों की रोशनी से पूरा गुरुद्वारा परिसर और पवित्र सरोवर जगमगा उठा। सरोवर में झिलमिलाती रोशनी का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

शबद-कीर्तन में गूंजा प्रेम और मानवता का संदेश
प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए और विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया। विभिन्न स्थानों से पहुंचे रागी जत्थों ने शबद-कीर्तन से संगत को निहाल किया। गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रेम, समानता, भाईचारे और मानव सेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

एक ही पंगत में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया लंगर
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए अटूट लंगर की विशेष व्यवस्था की गई। हजारों श्रद्धालुओं ने एक ही पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण किया। सेवा, समर्पण और समानता की भावना ने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को साकार किया।
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को लेकर मुस्तैद रहा। आस्था, भक्ति और सेवा के इस संगम ने साहवा में सांप्रदायिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की खूबसूरत मिसाल पेश की।

देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2566716


