बिसाऊ में गंदे पानी के डेम निर्माण पर उठे सवाल, पुरानी गाटर लगाने का आरोप
विरोध के बाद गाटरों और लोहे के जाल पर रंग-रोगन करने से बढ़ा विवाद, पार्षद प्रतिनिधि ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर मांगी तकनीकी जांच
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : लतीफ खान
बिसाऊ : नगरपालिका की ओर से वार्ड संख्या 10 में करवाए जा रहे गंदे पानी के डेम निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। निर्माण में पुरानी और जर्जर सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए वार्ड संख्या 17 के पार्षद प्रतिनिधि खेमसिंह और मोहल्लेवासियों ने भ्रष्टाचार की आशंका जताई है। आरोप है कि निर्माण कार्य में पुरानी गाटर लगाने का विरोध करने के बाद उन पर रंग-रोगन कर दिया गया। इससे निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल और गहरा गए हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच करवाकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद प्रतिनिधि खेमसिंह ने आरोप लगाया कि डेम के ऊपर बनाए गए छपरे में चार पुरानी एवं जर्जर लोहे की गाटरों का इस्तेमाल किया गया है। वहीं डेम के अंदर भी एक क्षतिग्रस्त गाटर लगाने का आरोप है। इसके अलावा भूमिगत नाले के निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग होना चाहिए।
विरोध के बाद गाटरों पर रंग-रोगन क्यों किया, जांच की मांग
खेमसिंह ने सवाल उठाया कि जब पुरानी और क्षतिग्रस्त गाटरों के इस्तेमाल का विरोध किया गया तो इसके बाद गाटरों और लोहे के जाल पर रंग-रोगन क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए। इसके लिए तकनीकी अधिकारियों से जांच करवाकर यह स्पष्ट किया जाए कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता और मापदंडों के अनुसार हो रहा है या नहीं।

पार्षद बोले- रंग-रोगन की जानकारी नहीं
इस संबंध में वार्ड संख्या 10 के पार्षद युनुस खान ने कहा कि गाटरों पर रंग-रोगन किए जाने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य को लेकर दो दिन पहले भी सामाजिक संचार माध्यमों पर शिकायतें सामने आई थीं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से लोगों में नाराजगी है।
चेयरमैन प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, कमियां दूर करवाने का दिया भरोसा
मामले की शिकायत पार्षद प्रतिनिधि खेमसिंह ने नगरपालिका चेयरमैन प्रतिनिधि सलीम सैय्यद से की। शिकायत मिलने पर सैय्यद मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मोहल्लेवासियों को आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य में जो भी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें दुरुस्त करवाया जाएगा।
तकनीकी जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
मोहल्लेवासियों ने सवाल उठाया है कि निर्माण कार्य को लेकर लगातार शिकायतें मिलने के बावजूद नगरपालिका प्रशासन की ओर से तकनीकी जांच क्यों नहीं करवाई गई। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल गाटरों की गुणवत्ता, भूमिगत नाले के निर्माण और अन्य सामग्री की जांच करवाने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जांच में पुरानी या जर्जर सामग्री के इस्तेमाल की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही डेम का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2559525
