चूरू चौपाटी पर शुरू हुई नई परिपाटी, 21 हजार दीपों से जगमगाई चौपाटी
नगर परिषद की ओर से आयोजित हुआ दीपदान इवेंट-2026, आकर्षक सजावट और राजस्थानी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : दीपोत्सव के उल्लास और रोशनी के बीच चूरू चौपाटी पर नगर परिषद की ओर से दीपदान इवेंट-2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान 21 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर चौपाटी को आकर्षक ढंग से सजाया गया। एक साथ हजारों दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। दीपों की सुनहरी आभा और मनमोहक सजावट शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में लोगों ने आयोजन में पहुंचकर दीपोत्सव के इस अनूठे नजारे का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, नगर परिषद सभापति विनय गोयनका, चांद कंवर, कनिका सिंह एवं नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि दीपोत्सव भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। दीपों का प्रकाश अंधकार दूर करने के साथ समाज में सकारात्मकता, प्रेम और भाईचारे का संदेश भी देता है। उन्होंने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई प्रदान करते हैं।
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि चूरू चौपाटी पर 21 हजार दीपों की सजावट ने दीपोत्सव को यादगार बना दिया है। इस तरह के आयोजन शहरवासियों को आपस में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित करवाते हैं।
नगर परिषद सभापति विनय गोयनका ने कहा कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक बनाने के साथ नगर परिषद सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों को भी बढ़ावा दे रही है। 21 हजार दीपों से जगमगाती चौपाटी दीपावली पर चूरू की सुंदरता और गौरव को प्रदर्शित कर रही है।

नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने बताया कि दीपदान इवेंट को विशेष और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। दीपों की आकर्षक सजावट और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते चौपाटी का नजारा बेहद मनमोहक रहा। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सभी सहभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन हुआ, जिसमें कलाकारों ने राजस्थानी नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान अतिथियों ने नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में चांद कंवर, कनिका सिंह, पदम सिंह राठौड़, ओम सारस्वत, सुरेश सारस्वत, उपसभापति ओमप्रकाश इंदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। दीपों की जगमगाहट से सजी चूरू चौपाटी देर रात तक आकर्षण का केंद्र बनी रही। कार्यक्रम का संचालन मुकुल भाटी ने किया।

देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2513730


