डांडिया की जगह नौ दिन बेटियों के नाम, स्त्री शक्ति ने शुरू किए जागरूकता कार्यक्रम
कन्या पूजन से महिला कानून जागरूकता तक की पहल, आज बालिका विद्यालय में होगा स्वास्थ्य सत्र
झुंझुनूं : नवरात्रि के अवसर पर स्त्री शक्ति महिला संस्थान ने इस बार डांडिया महोत्सव के स्थान पर नौ दिन बालिका सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों को समर्पित किए हैं। अभियान के पहले दिन कन्या पूजन और दूसरे दिन महिला कानून एवं अधिकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीसरे दिन मंगलवार, 13 अक्टूबर को राजकीय जेके मोदी बालिका स्कूल में छात्राओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र होगा।
कन्या पूजन कर दिया सम्मान का संदेश
नवरात्रि के पहले दिन संस्थान की महिलाओं ने कन्याओं का तिलक कर पूजन किया। उनके चरण पूजन के साथ चुनरी ओढ़ाई गई और साज-शृंगार की सामग्री भेंट की गई। इस दौरान महिलाओं ने बालिकाओं के साथ डांडिया भी खेला। आयोजन के माध्यम से कन्या सम्मान और नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा का संदेश दिया गया।
छात्राओं को बताए महिला कानून और अधिकार
12 अक्टूबर को नौरंगराम दयानंद ढूकिया नर्सिंग कॉलेज में महिला कानून एवं अधिकार जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें धनूरी थानाधिकारी कंचन ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और जागरूकता से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी परेशानी या अन्याय की स्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अपनी इच्छा के विरुद्ध किसी बात के लिए ‘ना’ कहने के अधिकार, समान शिक्षा, पोषण और व्यवहार तथा बालिका सुरक्षा में समाज और कानून की भूमिका पर चर्चा की गई। इस अवसर पर ज्योति मांजू, सुमन मील, शशि मरोलिया, सरोज बड़ाऊ, रविता चौधरी, सुनीता चौधरी, सुलक्षणा कंवर, सुनीता ढूकिया, मंजू कुमावत और शाहीन खान सहित संस्थान की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
आज छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति करेंगे जागरूक
नवरात्रि के तीसरे दिन 13 अक्टूबर को सुबह 7:45 बजे राजकीय जेके मोदी बालिका स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित होगा। इसमें डॉ. पल्लवी, डॉ. प्रियंका बुडानिया और डॉ. तन्नूश्री छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देंगी। इसका उद्देश्य बालिकाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।
19 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न आयोजन
संस्थान की ओर से नौ दिनों में नौ गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 अक्टूबर को कन्या पूजन और 12 अक्टूबर को महिला कानून एवं अधिकार जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। 13 अक्टूबर को स्वास्थ्य जागरूकता, 14 अक्टूबर को पोस्टर निर्माण एवं नारा लेखन प्रतियोगिता, 15 अक्टूबर को गोद लेने से संबंधित गतिविधि, 16 अक्टूबर को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, 17 अक्टूबर को हेलमेट वितरण, 18 अक्टूबर को उपहार वितरण और 19 अक्टूबर को कन्या प्रसाद का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
संस्थान की इस पहल का उद्देश्य नवरात्रि में देवी आराधना के साथ बेटियों के सम्मान, अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2446315

