लोहार्गल में संत सुरजादास हत्याकांड का पांच दिन में खुलासा : डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से पकड़ा
लूट के इरादे से हत्या का आरोप, बरखंडी पहाड़ियों की गहरी खाई से मिला था संत का शव; 44 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
जनमानस शेखावाटी संवाददाता : कैलाश बबेरवाल
उदयपुरवाटी : शेखावाटी के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल लोहार्गल स्थित बाबा बरखंडी धाम के संत सुरजादास महाराज की हत्या और लूट के मामले का गोठड़ा थाना पुलिस ने पांच दिन में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में 44 वर्षीय आरोपी सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे लूट का इरादा सामने आया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

जयपुर के सिंगोद कलां निवासी संत सुरजादास महाराज लोहार्गल स्थित बरखंडी बाबा मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना एवं सेवा करते थे। 26 सितंबर की शाम वे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। अगले दिन 27 सितंबर की सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और यात्रियों ने संत के वहां नहीं मिलने पर इसकी सूचना दी।
इसके बाद परिवादी शंकरलाल ने गोठड़ा थाने में संत की गुमशुदगी और अनहोनी की आशंका को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस और ग्रामीणों ने बरखंडी की दुर्गम पहाड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान मंदिर से कुछ दूरी पर पहाड़ी की गहरी खाई में संत सुरजादास महाराज का शव मिला।

एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर सेल और एमओबी टीम को बुलाया। एसडीआरएफ एवं जिला रेस्क्यू टीम की मदद से ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के लिए पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश और झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने सुराग जुटाते हुए आरोपी सुरेश कुमार (44) पुत्र ग्यारसीलाल, निवासी झाझम की ढाणी, तन पहाड़ीला, थाना गोठड़ा, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार किया।

लूटे गए सामान और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच
गोठड़ा थाना प्रभारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे लूट का उद्देश्य सामने आया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर कथित रूप से लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस की पांच दिन में की गई कार्रवाई से संत के अनुयायियों और क्षेत्रवासियों में मामले के खुलासे को लेकर राहत है।
इन टीमों ने मिलकर की कार्रवाई
कार्रवाई टीम में गोठड़ा थाना पुलिस के साथ-साथ उदयपुरवाटी थाना, नवलगढ़ थाना, साइबर सेल झुंझुनूं और जिला स्पेशल टीम (DST) झुंझुनूं भी शामिल रही। कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर राकेश कुमार और हेड कॉन्स्टेबल रोहीताश की विशेष भूमिका रही।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2426699


