महात्मा गांधी जयंती पर विज्ञान, कला एवं सांस्कृतिक मेले में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
मॉडल प्रदर्शनी में हड़प्पा सभ्यता का स्नानागार व अन्नागार रहा आकर्षण का केंद्र, खेल, फूड स्टॉल और लक्की ड्रॉ ने भी बांधा समां
जनमानस शेखावाटी संवाददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : महात्मा गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर राजकीय सेठ लक्ष्मी नारायण बागला बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, चूरू में 2 अक्टूबर को विज्ञान, कला एवं सांस्कृतिक मेले तथा मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य मुकुल भाटी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा ओमप्रकाश प्रजापत, लायंस क्लब के प्रतिनिधिमंडल एवं विद्यालय प्रधानाचार्य ने फीता काटकर किया।
मेले में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की अवधारणाओं को साकार करते हुए छात्राओं ने विज्ञान, कला, कृषि, वाणिज्य एवं व्यावसायिक शिक्षा से संबंधित विभिन्न मॉडल और रचनात्मक गतिविधियां प्रस्तुत कीं। छात्राओं के नवाचार, कौशल और रचनात्मकता ने अतिथियों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
हड़प्पा सभ्यता का मॉडल रहा आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी में कला, वाणिज्य, कृषि एवं विज्ञान विषयों से जुड़े अनेक मॉडल प्रदर्शित किए गए। हड़प्पा तथा सिंधु घाटी सभ्यता के विशाल स्नानागार और अन्नागार का ऐतिहासिक मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
विज्ञान वर्ग की छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रयोगों के माध्यम से नवाचार प्रस्तुत किए। वाणिज्य वर्ग की छात्राओं ने व्यापार एवं बैंकिंग सेवाओं से संबंधित आकर्षक मॉडल तैयार किए। कला वर्ग की छात्राओं ने चित्रकला, कठपुतली कला, हस्तकला और विभिन्न रचनात्मक कलाकृतियां प्रदर्शित कीं। वहीं व्यावसायिक शिक्षा की छात्राओं ने अपने कौशल से तैयार उपयोगी वस्तुओं के स्टॉल लगाए।

‘नो प्लास्टिक बैग’ का दिया संदेश
शिक्षक राम प्रताप के नवाचार के तहत ‘नो प्लास्टिक बैग’ संदेश को भी मेले में प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने हस्तनिर्मित कपड़े के बैग तैयार किए, जिन पर आकर्षक पेंटिंग और कढ़ाई की गई थी। इनके माध्यम से प्लास्टिक के हानिकारक प्रभावों से बचने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। व्यावसायिक शिक्षा के तहत ‘ब्यूटी एंड वेलनेस’ कौशल विकास पाठ्यक्रम का स्टॉल भी लगाया गया, जहां छात्राओं ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे कौशल का प्रदर्शन किया।
खेल और फूड स्टॉल ने भी खूब आकर्षित किया
मेले में आगंतुकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें ‘रिंग फेंको इनाम पाओ’, ‘गिलास में सिक्का डालो’ और ‘गिलास गिराओ’ जैसे खेल शामिल रहे। दर्शकों ने इन खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और नकद पुरस्कार भी जीते।
गृह विज्ञान की छात्राओं ने खाद्य सामग्री के स्टॉल लगाए। ‘जायका चाट कॉर्नर’ और ‘भेलपुरी’ के स्टॉल विशेष आकर्षण रहे। ‘खेलो, जीतो और इनाम पाओ’ सहित विभिन्न गतिविधियों का विद्यार्थियों एवं आगंतुकों ने आनंद लिया।
लक्की ड्रॉ में तीन विजेताओं को मिले पुरस्कार
बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन देने और विद्यालय विकास के उद्देश्य से 10 रुपए का लक्की ड्रॉ कूपन जारी किया गया। इसमें प्रथम पुरस्कार डिनर सेट, द्वितीय पुरस्कार विद्युत प्रेस और तृतीय पुरस्कार विद्युत केतली रखा गया था। प्रधानाचार्य अमर सिंह कस्वां ने लक्की ड्रॉ के तीन विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
मॉडल प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली चंद्रकांता को 2100 रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली हेजल को 1100 रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आईना और ज्योति को 500-500 रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। स्काउट-गाइड की छात्राओं, स्टॉल एवं खेल गतिविधियों से जुड़ी छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।

अधिकारियों और अतिथियों ने किया अवलोकन
मेले में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संतोष महर्षि, एडीपीसी समसा सरिता आत्रेय, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सज्जन सैनी, ओमप्रकाश शर्मा, डॉ. कमल कुमार शर्मा, शिवराज, सूर्यकांत शर्मा, जीवन सैनी, प्रमेन्द्र कुमार शर्मा, अमर सिंह कस्वां, नंदलाल बौद्ध, अशोक दाधीच सहित अन्य अतिथियों एवं लायंस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने मॉडल प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। निर्णायक की भूमिका विनय सोनी, जितेंद्र सैनी और दीपक चंद्र शर्मा ने निभाई।
अतिथियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों, अभिभावकों और आगंतुकों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, उद्यमशीलता और टीम भावना विकसित होती है।
शिक्षकों ने टीम भावना से किया आयोजन
मेले के आयोजन में प्रधानाचार्य के नेतृत्व में विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ ने टीम भावना के साथ कार्य किया और छात्राओं को विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य मुकुल भाटी ने कहा कि विज्ञान मेला एवं मॉडल प्रदर्शनी के माध्यम से छात्राओं ने अपने कौशल, रचनात्मकता और सामाजिक विकास का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय की ज्योति मंगलयारा, अभिलाषा दादरवाल, सृष्टि, अनिल सहारन, अनुपमा सैनी, चित्रा, कीर्ति बुडानिया, ममता, मीनाक्षी, नेहा, पवन, रश्मि वशिष्ठ, रवि इंदौरिया, तारा, सन्नू चौधरी, सरिता मीणा, शबाना शेख, शैलेश, शिव कुमार, सीता, अनीता, अरविंद सोनी, कृष्ण कुमार सैनी, सदीक खान, पूजा शर्मा, श्वेता, रामप्रताप बुढ़ानिया, एसडीएमसी सचिव रोहिताश मीणा, सोनू सैनी, सुरेंद्र सिंह, मनीषा, अमन, सलोनी, पूजा, प्रमोद कुमार, अजय निमेलिया, सुनीता मीणा, सुष्मिता, निरंजन शर्मा, बजरंग लाल, सरिता, सरोज और सन्नी सहित विद्यालय स्टाफ ने आयोजन में सहयोग किया। अंत में प्रधानाचार्य ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2426661


