वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक जाति जनगणना की मांग, कांग्रेस ओबीसी विभाग ने सौंपा ज्ञापन
राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को दिया ज्ञापन, जातियों की सही पहचान और प्रमाणिक आंकड़ों की व्यवस्था की मांग
झुंझुनूं : आगामी जनगणना में जातियों की गणना वैज्ञानिक, पारदर्शी एवं प्रमाणिक तरीके से कराने की मांग को लेकर कांग्रेस ओबीसी विभाग ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष संतोष सैनी के नेतृत्व में दिया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय कांग्रेस ओबीसी विभाग अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिंद के आह्वान और प्रदेश अध्यक्ष हरसहाय यादव के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
ज्ञापन में प्रत्येक जाति एवं समुदाय की सही पहचान और प्रमाणिक आंकड़े जुटाने के लिए मानकीकृत व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। कांग्रेस ओबीसी विभाग ने प्रत्येक मान्यता प्राप्त जाति के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक कोड, राज्यवार मानकीकृत जाति सूची, प्रमाणित पर्यायवाची नामों को शामिल करने की सुविधा तथा विशेषज्ञों की निगरानी में जातिगत आंकड़ों के वर्गीकरण का सुझाव दिया।
जिलाध्यक्ष संतोष सैनी ने कहा कि जाति जनगणना सामाजिक न्याय और नीति-निर्माण के लिए महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्थिति, प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी नीतियों के लिए विश्वसनीय आंकड़े जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में जातियों के अलग नाम एवं स्थानीय पहचान होने के कारण गणना की प्रक्रिया में इन विविधताओं को भी दर्ज किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में तेलंगाना के सामाजिक-आर्थिक, शैक्षणिक, रोजगार, राजनीतिक एवं जातिगत सर्वेक्षण-2024 के अनुभवों का अध्ययन कर उपयोगी प्रक्रियाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनाने का सुझाव दिया गया। साथ ही समाजशास्त्र, मानवशास्त्र, जनसांख्यिकी, जनगणना, आंकड़ा प्रबंधन, संविधान एवं सामाजिक न्याय के विशेषज्ञों की उच्चस्तरीय समिति गठित करने की मांग की गई।
इस दौरान कांग्रेस विधि विभाग जिलाध्यक्ष एडवोकेट नवीन सैनी, ओबीसी विभाग जिला महासचिव मोहम्मद यूसुफ, जिला सचिव गजानंद सैनी, मुकेश सैनी, निरंजन कुमार सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2421887


