राज्यपाल बोले- राजस्थान में फैल रही नशे की आग:सीमा पार से विदेशी युवा पीढ़ी को बर्बाद करने के लिए भेज रहे नशा
राज्यपाल बोले- राजस्थान में फैल रही नशे की आग:सीमा पार से विदेशी युवा पीढ़ी को बर्बाद करने के लिए भेज रहे नशा
सीकर : राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्रदेश में बढ़ते नशे के चलन को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवाओं में नशा करने की आग बढ़ती जा रही है, ये चिंता की बात है। विदेशी सीमा पार से पैसों के लिए नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को बर्बाद करने के उद्देश्य से भेजा जा रहा है। राजस्थान में सीमा पार से रोजाना नशा आ रहा है।
वहीं राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि तमाम आक्रमणों के बावजूद इसे खत्म नहीं किया जा सका। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े गुरूवार को सीकर जिले के पिपराली गांव में चतुर्वेद परायण यज्ञ की पूर्णाहुति कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
चतुर्वेद परायण 75 कुंडीय यज्ञ में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पूर्णाहुति दी।
कार्यक्रम आयोजक पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की। दरअसल, पिपराली गांव में वैदिक आश्रम के पास ग्रामीण खेल स्टेडियम में चतुर्वेद परायण यज्ञ और मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 75 कुंडीय यज्ञ में 225 जोड़ों ने आहुतियां दीं और वेदांती छात्र-छात्राओं ने मंत्रोच्चार किए।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने लाइन अप होकर गुलाब के फूल भेंट किए। इसके बाद राज्यपाल बागड़े ने पूर्णाहुति दी। आयोजक पूर्व सांसद ने राज्यपाल बागड़े के साथ UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, धोद विधायक गोवर्धन वर्मा और पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी का स्वागत किया।

विदेशियों ने भारत के वेदों का किया अनुवाद
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि जो लोग आजादी के अमृत महोत्सव में शामिल हैं, वो आजादी के शताब्दी महोत्सव में भी शामिल होंगे। विदेशियों ने भारत के वेदों का अनुवाद किया और उन्हें अपनाया। बहुत से आक्रमण हुए, लेकिन भारत की संस्कृति और देवधर्म में आस्था कभी समाप्त नहीं हो सकी। राजस्थान में नदियां नहीं हैं, लेकिन यहां पंजाब से श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ जिले में आई एक नहर को 2027 में 100 साल पूरे होने वाले हैं।
सरकार से अपील है कि उस नहर के शताब्दी समारोह के दौरान गांव-गांव में नहर के पानी की पूजा होनी चाहिए। अब यमुना जल समझौते के तहत शेखावाटी को पानी मिलेगा तो यहां कभी अकाल की स्थिति नहीं बनेगी।
युवाओं में तेजी से फैल रही है नशे की आदत
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि युवाओं में नशा करने की आदत तेजी से फैल रही है। विदेशी ताकतें राजस्थान समेत पूरे देश में नशा भेज रहे हैं। उनका मकसद पैसा कमाना नहीं हमारे देश की युवा पीढ़ी को बर्बाद करना है। युवाओं को समझने की जरूरत है। पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद जैसे संतों के नशाविरोधी अभियानों से नेता-व्यापारी-अधिकारी-स्टूडेंट्स समेत समाज का हर वर्ग जुड़ेगा।
कार्यक्रम के बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पौधारोपण भी किया।
पंजाब से कारखानों का पानी आ रहा राजस्थान
राज्यपाल ने कहा कि जो लोग देश चला रहे हैं, वो हिंद के योगी बनकर काम कर रहे हैं। आज हमें खान-पान सुधारने की जरूरत है। विदेशी खाद से कैंसर की बीमारी बढ़ रही है। राजस्थान में पंजाब से आने वाले पानी में कारखानों का पानी आ रहा है, जिससे नहरों के पास की जनता में कैंसर का खतरा बढ़ रहा है।
जैविक खेती के लिए गोबर की खाद जरुरी है। पूरे देश में सबसे ज्यादा गौशालाएं राजस्थान में हैं, यहां सबसे ज्यादा गौ सेवा की जाती है, लेकिन नंदियों(सांडों) का कुछ अता-पता नहीं है। जबकि सांड भी खेत में जुताई के काम आते हैं। अब गौशाला के साथ ही नंदीशाला खोलने की जरूरत पड़ने लगी है।
UPSC जैसी बड़ी परीक्षाओं में कम जा रही के बच्चे
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि आजकल बच्चे UPSC जैसी बड़ी परीक्षाओं में कम ही जा रहे हैं, इसका कारण शुरुआती शिक्षा में कमजोरी। बच्चों की प्राइमरी, अपर प्राइमरी और मिडिल शिक्षा में बौद्धिक विकास की जरुरत है। राज्यसभा सांसद ने सभी मंचस्थ लोगों को खुद की लिखी हुई किताब संकल्प से सिद्धी तक मोदीयुग भेंट की।

नशे के खिलाफ अभियान की सख्त जरूरत
UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान की सख्त जरूरत है। राजस्थान में पंजाब से श्रीगंगानर-हनुमानगढ़-बीकानेर होकर और श्रीगंगानगर-जैसलमेर-बाड़मेर-जोधपुर-नागौर होकर सीकर तक नशे के 2 रूट बन गए हैं। युवाओं को नशे की आग से बचना होगा।
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि शेखावाटी को यमुना जल का पानी मिलेगा तो वर्षों पुरानी पेयजल और सिंचाई की समस्या खत्म हो जाएगी।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े करीब ढाई घंटे तक पिपराली रुके, फिर पिपराली, बाजौर होते हुए रवाना हो गए। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती का अभिनंदन किया। मलखंभ समेत अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। राज्यपाल समेत सभी जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण खेल स्टेडियम में अशोक का पौधा लगाया।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2421619


