चूरू की 231 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, बूथों पर लगी कतारें
पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण में छह पंचायत समितियों में हो रहा मतदान, युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में दिखा उत्साह
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चौथे चरण में सोमवार को जिले की 231 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। जिले की सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), रतनगढ़, चूरू और चूरू उत्तर पंचायत समितियों में सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। रामसरा, खासोली, ऊंटवालिया, सेहला, बूंटिया और ढाढर सहित विभिन्न गांवों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं।
पहली बार वोट डालने वालों में भी उत्साह
रामसरा गांव में महिला मतदाताओं ने परिचय पत्र दिखाकर व्यवस्थित तरीके से मतदान किया। कई महिलाएं छोटे बच्चों को साथ लेकर मतदान केंद्र पहुंचीं। खासोली में पहली बार मतदान करने वाली युवा मतदाता दिव्या चौधरी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं सेहला के सेठ प्रेमसुखदास राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर भी मतदाताओं की अच्छी भागीदारी रही।

दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं ने भी किया मतदान
बूंटिया गांव के दिव्यांग मतदाता नंदलाल व्हीलचेयर पर स्वयंसेवकों की सहायता से मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला। ढाढर गांव में स्काउट विद्यार्थियों ने एक बुजुर्ग महिला मतदाता को व्हीलचेयर के माध्यम से मतदान केंद्र तक पहुंचाया। बुजुर्गों और दिव्यांगों की भागीदारी ने मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
संवेदनशील बूथों पर पुलिस की निगरानी
बूंटिया सहित जिले के संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभा रहे हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में जिला प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की है। निर्वाचन प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2540638
