दीपों की रोशनी से जगमगाया माधव सागर, स्वच्छता के संकल्प से गूंजा सीकर
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों और आमजन ने ली स्वच्छता की शपथ
सीकर : स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर परिषद सीकर की ओर से गुरुवार को माधव सागर बड़ा तालाब पर दीप प्रज्वलित कर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने स्वच्छता की शपथ लेकर स्वच्छ एवं सुंदर सीकर बनाने का संकल्प लिया।
‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत-विकसित भारत’ की थीम पर यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान शहर में विभिन्न स्वच्छता और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना है।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देश और नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व अधिकारी महेशचंद योगी के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने सहभागिता की। नोडल अधिकारी एवं कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र गोदारा सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप प्रज्वलित कर स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया स्वच्छता का संदेश
वार्ड नंबर 15 स्थित नवीन शेखावाटी शिक्षण संस्थान में भी ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने दीप प्रज्वलित कर मानव श्रृंखला बनाई और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को चार डिब्बों के माध्यम से कचरा पृथक्करण, आरआरआर अभियान और एकल उपयोग वाली प्लास्टिक से मुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों एवं स्टाफ को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने घर, कार्यस्थल और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी जगदीश सिंह, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र गोदारा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, कनिष्ठ सहायक नंदू सिंह, सहायक कर्मचारी अंतराम गुर्जर, संबंधित जोन निरीक्षक सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता से जोड़ना और शहर में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आएगा, तभी स्वच्छ, सुंदर और विकसित सीकर का लक्ष्य पूरा हो सकेगा। नगर परिषद ने आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने और ‘मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2379968


