दीक्षारंभ-2026 में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत
महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों से कराया परिचय
झुंझुनूं : श्री राधेश्याम आर. मोरारका राजकीय महाविद्यालय में प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और महाविद्यालय से परिचय कराने के उद्देश्य से ‘दीक्षारंभ-2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. सुरेन्द्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के संयोजन में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के तिलक लगाकर स्वागत से हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्राचार्य प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उच्च शिक्षा के महत्व, अनुशासन और नैतिक मूल्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया और विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की प्रमुख विशेषताओं और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
महाविद्यालय के वरिष्ठतम संकाय सदस्य एवं विभिन्न समितियों के संयोजक यशपाल ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के उद्देश्य और कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ श्रेष्ठ आचरण, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ की समन्वयक एवं कार्यक्रम संयोजक प्रो. मंजू चौधरी ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रकोष्ठ की गतिविधियों, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, रोवर-रेंजर, छात्रवृत्ति योजनाओं, रोजगार मार्गदर्शन एवं नियुक्ति प्रकोष्ठ सहित विभिन्न समितियों और सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को महाविद्यालय का परिचयात्मक भ्रमण भी कराया तथा पिछले सत्र की प्रमुख उपलब्धियों से अवगत कराया।
‘मीट योर फैकल्टी’ सत्र रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के ‘मीट योर फैकल्टी’ सत्र में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय के प्राध्यापकों से परिचय कराया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. विकास कुमार, रोवर लीडर भंवरलाल गहन और राष्ट्रीय कैडेट कोर अधिकारी अजय कुमार ने संबंधित गतिविधियों की उपयोगिता और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
महाविद्यालय के पूर्व छात्र मोहित शर्मा एवं पूर्व छात्रा अंजलि ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय जीवन का सकारात्मक उपयोग करने, लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने और विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। परिचय सत्र में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपना परिचय और विचार रखे।
सांस्कृतिक सत्र में छात्र-छात्राओं ने एकल और समूह नृत्य प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और सभागार में उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकांक्षा डूडी और डॉ. संगीता ने संयुक्त रूप से किया। अंत में डॉ. संगीता ने प्राचार्य, प्राध्यापकों, अशैक्षणिक कर्मचारियों, स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2379974


