[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

चार नगर निकायों में 73.34 प्रतिशत मतदान


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

चार नगर निकायों में 73.34 प्रतिशत मतदान

2.95 लाख मतदाताओं में से 2.14 लाख ने डाला वोट, 106 वर्षीय शिव प्रसाद ने भी किया मतदान

सीकर : नगर पालिका आम चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को द्वितीय चरण में रामगढ़ शेखावाटी, सीकर, धोद और लोसल में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। चारों नगर निकायों में मतदाताओं ने उत्साह और उमंग के साथ मतदान किया। कुल 2 लाख 95 हजार 532 मतदाताओं में से 2 लाख 14 हजार 548 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में कुल मतदान प्रतिशत 73.34 रहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि रामगढ़ शेखावाटी में 72.89, धोद में 82.97, लोसल में 78.93 और सीकर में 72.21 प्रतिशत मतदान हुआ। रामगढ़ शेखावाटी में 26,135 में से 17,584, धोद में 9,670 में से 8,128, लोसल में 30,496 में से 24,450 और सीकर में 2,29,231 में से 1,64,386 मतदाताओं ने मतदान किया।

सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं। शाम तक मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। बुजुर्ग, दिव्यांग, महिला और युवा मतदाताओं ने भी उत्साह के साथ मतदान किया। मतदान से पहले मतदान दलों ने प्रत्याशियों के मतदान अभिकर्ताओं की मौजूदगी में परीक्षण मतदान कराया। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन के माध्यम से मतदान हुआ।

106 वर्षीय शिव प्रसाद ने किया मतदान

सीकर के राधाकिशनपुरा स्थित वार्ड संख्या 46 में 106 वर्षीय शिव प्रसाद अपने पोते अमित चिरानिया के साथ व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। अमित ने बताया कि दादाजी की मतदान करने की इच्छा थी, इसलिए उन्हें मतदान केंद्र लाया गया। 106 वर्ष की उम्र में मतदान के प्रति शिव प्रसाद का उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणादायी रहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान में सहयोग के लिए सभी मतदाताओं, चुनाव अधिकारियों, मतदान दलों, पुलिसकर्मियों, कर्मचारियों और अन्य सहयोगी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सजग एवं सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत करेगी।

Related Articles