ददरेवा मेले में रास्ता शुल्क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश:66.40 लाख रुपए में बोली छूटने के बावजूद सुविधाओं का अभाव होने का आरोप
ददरेवा मेले में रास्ता शुल्क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश:66.40 लाख रुपए में बोली छूटने के बावजूद सुविधाओं का अभाव होने का आरोप
सादुलपुर : सादुलपुर के ददरेवा मेले में रास्ता शुल्क की कथित मनमानी वसूली, शुल्क बढ़ोतरी और मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने राजगढ़ एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मेले की व्यवस्थाओं में सुधार करने और नियमों के विपरीत हो रही वसूली पर रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि 66 लाख 40 हजार रुपए में रस्सा बोली छोड़ी गई है, लेकिन इसके बावजूद मेले में कोई ठोस विकास कार्य नजर नहीं आ रहा। बिजली और पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के साथ ही जगह-जगह गंदगी के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्धारित नियमों को दरकिनार कर रास्ता शुल्क की मनमानी वसूली की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से शुल्क वसूली की व्यवस्था की जांच कराने और नियमों के अनुरूप कार्रवाई की मांग की।
100 और 150 रुपए शुल्क निर्धारित करने की मांग
एसडीएम को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने छोटी पर्ची का शुल्क 100 रुपए और बड़ी पर्ची का शुल्क 150 रुपए निर्धारित करने की मांग की। साथ ही प्रत्येक शुल्क के बदले क्रमांकित प्रिंटेड पर्ची देने और उसकी वैधता 7 सितंबर तक रखने की मांग की गई। ग्रामीणों ने ददरेवा तहसील के सभी गांवों के ग्रामीणों तथा ददरेवा के ग्रामीणों के रिश्तेदारों से रास्ता शुल्क नहीं लेने की मांग भी रखी।
नाकों पर स्थानीय कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग
ज्ञापन में प्रत्येक नाके पर स्थानीय व्यक्ति को कर्मचारी नियुक्त करने और ग्राम पंचायत द्वारा जारी फोटोयुक्त पहचान-पत्र को अनिवार्य करने की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि ददरेवा बस स्टैंड और मुख्य मार्ग पर रास्ता शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। शुल्क की दर, नियम और शिकायत से संबंधित जानकारी आमजन को उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक नाके पर सूचना बोर्ड लगाने की मांग भी की गई।
सीसीटीवी और रोशनी-पेयजल की व्यवस्था हो
ग्रामीणों ने मुख्य हाईवे पर बस स्टैंड के पास रस्सा या बंदी लगाकर आवागमन बाधित नहीं करने की मांग की। साथ ही बस स्टैंड से गोशाला मार्ग तक सीसीटीवी कैमरे लगाने, पूरे मार्ग पर पर्याप्त रोशनी और पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शुल्क वसूली के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन के साथ अभद्र व्यवहार या गाली-गलौज नहीं होनी चाहिए। मेले में आने वाले लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
ये रहे मौजूद
ज्ञापन देने के दौरान पूर्व सरपंच पुलाराम शर्मा, बलवानजी कालेर, रणवीर खिचड़, गोपीराम छिंपा, भीम सिंह दुलीचंद वालिया, समुंदर, जगदीश, हेमंत, सुरेश, वेदपाल, राजकुमार कालेर, सीस राम मेला, संदीप सारडा और आनंद रुलानी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2335193


