सीकर में 46 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण, 114 आवासीय पट्टे बांटे
खर्रा बोले-31 महीने के काम के दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी भाजपा, नवलगढ़ रोड पुलिया का 16 अगस्त को लोकार्पण संभव
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : नैना शेखावत
सीकर : निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले शुक्रवार को सीकर नगर परिषद क्षेत्र में 46 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। नगर परिषद की ओर से आयोजित समारोह में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने वर्ष 2026-27 में स्वीकृत 4231.78 लाख रुपए की लागत से सीसी, बीटी और इंटरलॉक सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का शिलान्यास किया। वहीं 378.14 लाख रुपए की लागत से पूर्ण सड़क कार्यों का लोकार्पण किया गया।
समारोह में मंत्री ने 114 आवासीय पट्टे वितरित किए। प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तीन लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना के पांच लाभार्थियों को चेक भी दिए गए। इसके बाद मंत्री ने नगर परिषद परिसर से सफाईकर्मियों की तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नानी बांध की समस्या दूर करने का दावा
मंत्री खर्रा ने कहा कि सीकर शहर में 50 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है और कुछ अन्य योजनाओं पर जल्द काम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि नानी बांध की समस्या के समाधान के लिए बजट स्वीकृत कर काम शुरू कर दिया गया है। बांध का पानी शुद्ध कर किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराने और आसपास के जोहड़ों में पानी भरकर भूजल स्तर बढ़ाने की योजना भी प्रस्तावित है।
घुमंतु एवं अर्धघुमंतु परिवारों के सर्वे के बाद आवासीय योजना का लेआउट पास होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि जल्द लॉटरी निकालकर पट्टे वितरित किए जाएंगे।

16 अगस्त को नवलगढ़ रोड पुलिया के लोकार्पण की संभावना
नवलगढ़ रोड पर नवनिर्मित पुलिया के संबंध में मंत्री ने कहा कि अभी कुछ काम बाकी है। उन्होंने संभावना जताई कि 16 अगस्त को सीकरवासियों को इसका लोकार्पण कर सौगात दी जा सकती है।
ओबीसी आंकड़ों पर विपक्ष को घेरा
ओबीसी आंकड़ों को लेकर विपक्ष के सवालों पर मंत्री खर्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि पिछड़ा वर्ग के हितों को लेकर उसकी नीयत सही थी तो सत्ता में रहते हुए पिछड़ा वर्ग आयोग या राजनीतिक गठन करवाकर आंकड़े जुटाने का काम किया जा सकता था।
निकाय और पंचायत चुनाव में जीत का भरोसा
मंत्री खर्रा ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 31 महीनों में पानी, बिजली, कानून व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर काम किया है। सरकार के विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर भाजपा चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने निकाय एवं पंचायत राज चुनाव में भाजपा के पक्ष में जनादेश मिलने का भरोसा जताया।
पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि सीकर के विकास के लिए करीब 100 करोड़ रुपए के आसपास के कार्यों की सौगात मिली है। जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए भी बजट स्वीकृत कर काम शुरू करवाया गया है। उन्होंने निकाय चुनाव में भाजपा में किसी तरह की गुटबाजी से इनकार करते हुए कहा कि सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सीकर में भाजपा का बोर्ड बनाने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रतन जलधारी, नगर परिषद आयुक्त शशिकांत शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, निवर्तमान प्रतिपक्ष नेता अशोक चौधरी, पवन मोदी, जितेंद्र कारंगा, नेमीचंद कुमावत सहित भाजपा नेता एवं नगर परिषद अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
देखे तशवीरे :

देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19




Total views : 2312201
