सरदारशहर में बस-रेहड़ी विवाद पांचवें दिन भी नहीं सुलझा:प्रशासन की कई दौर की वार्ता बेनतीजा, सोमवार से पूरे चूरू में हड़ताल की चेतावनी
सरदारशहर में बस-रेहड़ी विवाद पांचवें दिन भी नहीं सुलझा:प्रशासन की कई दौर की वार्ता बेनतीजा, सोमवार से पूरे चूरू में हड़ताल की चेतावनी
सरदारशहर : सरदारशहर के कृष्णा कच्चा बस स्टैंड पर बस यूनियन और रेहड़ी यूनियन के बीच चल रहा विवाद शनिवार को पांचवें दिन भी नहीं सुलझ पाया। विवाद के चलते निजी बसों का संचालन लगातार पांचवें दिन बंद रहा। दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों को लेकर अलग-अलग स्थानों पर धरना दे रहे हैं।
प्रशासन की ओर से सुलह और बातचीत के प्रयास किए गए, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। बस यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह खीवणसर और मनीराम भादू ने बताया कि प्रशासन के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है। बस यूनियन की मुख्य मांग है कि बस स्टैंड से सभी रेहड़ी संचालकों को हटाकर उन्हें किसी दूसरे स्थान पर व्यवस्थित किया जाए। उनका कहना है कि इस संबंध में अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है।
24 घंटे में समाधान नहीं हुआ तो जिलेभर में हड़ताल
बस यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अगले 24 घंटे में विवाद का समाधान नहीं हुआ तो सोमवार से पूरे चूरू जिले में निजी बसों की हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। यूनियन पदाधिकारियों ने आंदोलन को ‘आर-पार की लड़ाई’ बताते हुए कहा कि बस स्टैंड पर रेहड़ी संचालकों के साथ आए दिन विवाद और मारपीट की स्थिति बनती रहती है। उनका कहना है कि जब तक रेहड़ियों को बस स्टैंड से हटाकर अन्य स्थान पर व्यवस्थित नहीं किया जाता, तब तक निजी बसों का संचालन शुरू नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर से मिले बस यूनियन के प्रतिनिधि
बस यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को चूरू में जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा से मुलाकात कर पूरे विवाद की जानकारी दी थी।इसके बाद शनिवार को सरदारशहर तहसीलदार मुकुल टाक, थाना अधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत और भानीपुरा तहसीलदार प्रहलाद राय पारीक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों के साथ बातचीत की। काफी देर तक चली वार्ता के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका।
चूरू बस यूनियन के अध्यक्ष रणवीर कस्वां ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक बस यूनियन की मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने भी इसे ‘आर-पार की लड़ाई’ बताया।
गांधी चौक पर रेहड़ी यूनियन का धरना जारी
दूसरी ओर, गांधी चौक पर रेहड़ी यूनियन का धरना भी लगातार जारी है। रेहड़ी यूनियन ने बस संचालकों पर ‘हठधर्मिता’ का आरोप लगाया है। फिलहाल दोनों पक्ष अपनी मांगों पर कायम हैं और प्रशासन की कोशिशों के बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका है। ऐसे में सोमवार से जिलेभर में निजी बसों की हड़ताल की चेतावनी के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2302636


