सरदारशहर में बस यूनियन की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी:382 निजी बसों का संचालन ठप, यात्रियों को आवाजाही में परेशानी
सरदारशहर में बस यूनियन की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी:382 निजी बसों का संचालन ठप, यात्रियों को आवाजाही में परेशानी
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
सरदारशहर : सरदारशहर के कृष्णा कच्चा बस स्टैंड पर निजी बस संचालकों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। बस यूनियन और रेहड़ी यूनियन के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण यह हड़ताल की गई है। इसके चलते 382 निजी बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा, जिससे हजारों यात्रियों को दिनभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कच्चा बस स्टैंड पर दिनभर सन्नाटा पसरा रहा और यात्रियों को आवागमन के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
बस यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह खींवसर ने बताया कि उनकी मुख्य मांग बस स्टैंड परिसर से सभी सब्जी विक्रेताओं की रेहड़ियों को हटाना है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन इन रेहड़ियों को बस स्टैंड से बाहर स्थानांतरित नहीं करता, तब तक आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी।

प्रशासन से जल्द समाधान की अपील
हड़ताल के दूसरे दिन बस संचालकों ने बस स्टैंड परिसर में टेंट लगाकर धरना दिया। इस दौरान टेंपो यूनियन के पदाधिकारियों ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। कच्चा बस स्टैंड व्यापार मंडल ने भी बस यूनियन की मांगों का समर्थन करते हुए प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की अपील की।
बस यूनियन के पदाधिकारियों चंद्रप्रकाश शर्मा, जाबिर खान और मनीराम भादू ने बताया कि इस संबंध में प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्हें मजबूरन हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
यूनियन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि बस स्टैंड में रेहड़ियों की मौजूदगी से बसों के संचालन और यात्रियों की आवाजाही में लगातार बाधा आती है। उनका यह भी कहना है कि कई बार विवाद की स्थिति बनने पर बस संचालकों के साथ मारपीट की घटनाएं भी हुई हैं।
पुलिस लगातार निगरानी कर रही है
विवाद की स्थिति को देखते हुए सरदारशहर थाना पुलिस पूरे दिन सतर्क रही। एसआई ओमप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ बस स्टैंड पर तैनात रहे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी करते रहे। प्रशासन दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2296870


