पांच बीघा से अधिक बणी भूमि बनी कचरा डंपिंग यार्ड, पर्यावरण और गोवंश पर संकट
बुहाना में जिम्मेदारों की अनदेखी से हरियाली उजड़ी, कचरे और मलबे के ढेर से ग्रामीण परेशान; पालिका का तर्क-चारदीवारी के लिए बजट नहीं
बुहाना : कस्बे की बेशकीमती बणी भूमि, जो कभी पेड़-पौधों और हरियाली से आबाद थी, आज कचरे और निर्माण सामग्री के मलबे के ढेर में तब्दील होती जा रही है। नगर पालिका की अनदेखी के चलते पांच बीघा से अधिक क्षेत्र में फैली इस बणी को डंपिंग यार्ड बना दिया गया है। बुहाना से खडेश्वरी आश्रम जाने वाले मार्ग के पास स्थित इस भूमि पर कस्बे का कचरा और निर्माण कार्यों का मलबा खुलेआम डाला जा रहा है।
चारदीवारी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से कचरा पूरे क्षेत्र में फैल रहा है। इससे बणी की प्राकृतिक संपदा और जाळ के पेड़-पौधों को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं पर्यावरण के साथ निराश्रित गोवंश के जीवन पर भी खतरा मंडरा रहा है। कचरे के ढेरों में भोजन तलाशने वाले गोवंश पॉलीथिन और अन्य हानिकारक अपशिष्ट निगल रहे हैं। इससे उनके बीमार पड़ने और मौत होने की आशंका बनी हुई है।
खुले में पड़े कचरे से उठने वाली दुर्गंध ने आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि इस मार्ग से गुजरना भी मुश्किल हो रहा है। गंदगी और सड़न के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
संरक्षण की बजाय कचरे का ठिकाना बनी बणी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बणी सार्वजनिक संपत्ति होने के साथ पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद लंबे समय से इसके संरक्षण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने बणी के चारों ओर पक्की चारदीवारी या मजबूत तारबंदी करवाने, जमा कचरे का पूर्ण निस्तारण करने और क्षेत्र में पौधरोपण करवाकर हरियाली बहाल करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कस्बे से दूर वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण केंद्र स्थापित किया जाना चाहिए। केवल तारबंदी करवाने और कचरा एकत्र करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
पालिका बोली- बजट नहीं, तारबंदी करवाएंगे
इस मामले में नगरपालिका बुहाना के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जेसीबी की सहायता से गंदगी एकत्र करवाई जाएगी। चारदीवारी निर्माण के लिए फिलहाल बजट उपलब्ध नहीं है। ऐसे में कचरा डालने वाले स्थान पर तारबंदी करवाई जाएगी, ताकि निराश्रित गोवंश वहां प्रवेश नहीं कर सकें।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2529977