[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

चूरू रोडवेज बस डिपो की बदहाल व्यवस्था पर फूटा लोगों का गुस्सा, आगार प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
चूरूटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

चूरू रोडवेज बस डिपो की बदहाल व्यवस्था पर फूटा लोगों का गुस्सा, आगार प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

रोडवेज बसों का नियमित संचालन, नई बसें उपलब्ध कराने और निजी बसों के जमावड़े पर रोक लगाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान

चूरू : जिला मुख्यालय स्थित राजस्थान रोडवेज बस डिपो की बदहाल स्थिति, रोडवेज बसों के सीमित संचालन और निजी बसों के बढ़ते जमावड़े को लेकर उस्मानाबाद कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों के निवासियों ने सोमवार को आगार प्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि जिला मुख्यालय पर बस डिपो होने के बावजूद यहां से राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन पर्याप्त नहीं हो रहा है। विशेष रूप से सीकर डिपो की बसें कलेक्ट्रेट सर्किल से ही वापस लौट जाती हैं, जिससे यात्रियों को बस डिपो तक पहुंचने और वहां से यात्रा करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि चूरू बस डिपो को वर्ष 2025-26 में एक भी नई बस उपलब्ध नहीं कराई गई। वर्तमान में डिपो के पास लगभग 75 बसें हैं, जिनमें से केवल 42 बसें ही संचालित हो रही हैं। इनमें भी करीब 20 बसों का संचालन लोक परिवहन योजना के तहत किया जा रहा है। यात्रियों की संख्या और जिले की आवश्यकता के मुकाबले यह व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।

लोगों ने बताया कि बस डिपो परिसर की हालत भी अत्यंत खराब है। परिसर की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं और जगह-जगह गड्ढे होने से यात्रियों व बस चालकों को परेशानी होती है। साथ ही डिपो परिसर में निजी बसों का अत्यधिक जमावड़ा रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और रोडवेज बसों के संचालन में भी बाधा उत्पन्न होती है।

ज्ञापन में मांग की गई कि बस डिपो परिसर की सड़कों का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, चूरू डिपो को नई बसें उपलब्ध कराई जाएं, सभी प्रमुख मार्गों पर रोडवेज बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा निजी बसों के अनियंत्रित संचालन और जमावड़े पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद चूरू रोडवेज डिपो की लगातार उपेक्षा की जा रही है। जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिए जाने से डिपो की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आमजन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व पार्षद अजीज खान दिलावरखानी, कायमखानी छात्रावास अध्यक्ष जब्बार खान अल्फखानी, रॉयल विकलांग विकास संस्था के अध्यक्ष अख्तर खान रूकनखानी, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष सुलेमान मनियार, राकेश कड़वासरा, मनीष जांगिड़, बाबू खान रिसालदार, असगर गुर्जर, पवन माली, मुरलीधर प्रजापत, मनोज मेघवाल, मोहम्मद एजाज, सुरेश शर्मा सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles