मातृ स्मृति में 500 खेजड़ी पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया सशक्त संदेश
मातृ स्मृति में 500 खेजड़ी पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया सशक्त संदेश
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : मातृ स्मृति को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए गुरुवार को चूरू के डाबला रोड स्थित नगर वन (नेचर पार्क) में राजस्थान के राजकीय वृक्ष खेजड़ी के 500 पौधों का रोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, चूरू में कार्यरत हेड कांस्टेबल डॉ. भागीरथ मेघवाल ने अपनी माताजी स्वर्गीय सजना देवी की पुण्य स्मृति में यह पौधारोपण अभियान आयोजित किया। नगर वन टीम और वार्ड संख्या-46 के युवाओं के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम सामाजिक सहभागिता और प्रकृति संरक्षण का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और पर्यावरण प्रेमियों ने स्वर्गीय सजना देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि किसी प्रियजन की स्मृति में वृक्षारोपण सबसे सार्थक श्रद्धांजलि है। वक्ताओं ने कहा कि खेजड़ी केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि राजस्थान की संस्कृति, मरुस्थलीय जीवन और पर्यावरण संतुलन की पहचान है। यह मिट्टी संरक्षण, पशुओं के चारे और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
वक्ताओं ने खेजड़ी की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया। इस दौरान वर्ष 1730 के ऐतिहासिक खेजड़ली बलिदान का स्मरण करते हुए खेजड़ी को त्याग, समर्पण और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक बताया गया।
अभियान में वार्ड संख्या-46 के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सफल होगा जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसकी जिम्मेदारी निभाए।
इस अवसर पर डीएसबी प्रभारी मोटाराम, मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी रामनिवास शर्मा, नायब तहसीलदार चुन्नीलाल चौहान, पूर्व पार्षद कलावती लुगरिया, उपप्राचार्य मोहन अर्जुन, अध्यापक शीशराम माहिच, नगर वन टीम के जयप्रकाश स्वामी, जयप्रकाश सोनी, वेदप्रकाश सोनी, भानीराम सहित छोटूराम बरोड़, सोमनाथ, तेजकुमार पंवार, जगदीश चांवरिया, मुस्ताक खान, नौरतन इंदलिया, सुरेश इंदलिया, ओमप्रकाश इंदलिया, गोपीचंद बरोड़, मुकेश बरोड़, महेंद्र बरोड़, संदीप बरोड़ तथा 50 से अधिक पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने खेजड़ी के पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए स्वर्गीय सजना देवी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मातृ स्मृति में आयोजित यह अभियान श्रद्धांजलि, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी संदेश देकर संपन्न हुआ।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2274728


