जसरापुर सहकारी समिति में यूरिया खाद नहीं मिलने पर किसानों का प्रदर्शन, जल्द आपूर्ति की मांग; नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
जसरापुर सहकारी समिति में यूरिया खाद नहीं मिलने पर किसानों का प्रदर्शन, जल्द आपूर्ति की मांग; नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : विजेन्द्र शर्मा
खेतड़ी : उपखंड क्षेत्र के जसरापुर गाव स्थित बहुउद्देश्यीय प्राथमिक ग्राम सेवा सहकारी समिति जसरापुर में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं होने से नाराज किसानों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि खरीफ फसल की बुवाई पूरी हो चुकी है, लेकिन फसलों में डालने के लिए समिति में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है। समय पर यूरिया खाद नहीं मिलने से फसलों की बढ़वार प्रभावित होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि कृषि कार्यों के सबसे महत्वपूर्ण समय पर यूरिया खाद का संकट उनके लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है।
किसानों ने बताया कि क्षेत्र में अच्छी मानसूनी बारिश के बाद खरीफ फसल भी अच्छी खड़ी है और वर्तमान समय फसलों में यूरिया खाद डालने का सबसे उपयुक्त समय है। इसके बावजूद समिति में कई दिनों से यूरिया खाद का स्टॉक नहीं है। प्रतिदिन किसान समिति के चक्कर लगाकर जानकारी ले रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर यूरिया खाद नहीं मिली तो फसलों की बढ़वार प्रभावित होगी और उत्पादन में कमी आने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों ने आरोप लगाया कि एक ओर सहकारी समिति में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है, वहीं दूसरी ओर निजी दुकानों पर खाद की कालाबाजारी हो रही है और किसानों से अधिक कीमत वसूली जा रही है। किसानों का कहना है कि सहकारी समिति में समय पर यूरिया खाद उपलब्ध होने से उन्हें निजी दुकानों पर महंगे दामों में खाद खरीदने की मजबूरी नहीं रहती। लंबे समय से समिति के चक्कर काटने के बावजूद यूरिया खाद उपलब्ध कराने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों ने समिति परिसर में नारेबाजी करते हुए जल्द यूरिया खाद उपलब्ध कराने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि शीघ्र आपूर्ति नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सेवा सहकारी समिति जसरापुर के अंतर्गत देवता, तातीजा, खरकड़ा, नंगली सलेदी सिंह, लोयल, चारावास, मानोता जाटान, बड़ाऊ और रसूलपुर सहित कई ग्राम पंचायतों के किसान यूरिया खाद संकट से जूझ रहे हैं। यूरिया खाद नहीं मिलने से पूरे क्षेत्र की खरीफ फसल प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। समिति के व्यवस्थापक विक्रम सिंह एवं शीशराम सैनी ने बताया कि यूरिया खाद की आपूर्ति के लिए बैंक के माध्यम से दो बार मांग भेजी जा चुकी है। इसके अलावा इफको के फील्ड अधिकारी को भी सोसायटी के निरीक्षण के दौरान स्थिति से अवगत कराया गया था।
उन्होंने कहा कि जैसे ही समिति में यूरिया खाद का स्टॉक पहुंचेगा, किसानों को सूचना देकर तत्काल वितरण शुरू कर दिया जाएगा।विरोध प्रदर्शन के दौरान किशोर सिंह बजाड़, राजेंद्र चौधरी, राकेश बगड़िया, ख्यालीराम खाखील, सुभाषचंद्र खाखील, किशोर सिंह, सुनील स्योराण, विजयपाल, देवी सिंह (नंगली), अमित बगड़िया, ज्ञानीराम किरोड़ीवाल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2273168


