चूरू के तेज गेंदबाज अनिक गौड़ का राजस्थान अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयन, पुणे में दिखाएंगे गेंदबाजी का दम
चैलेंजर ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम, जिले से अंडर-23 टीम में जगह बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने अनिक
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : चूरू जिले के युवा तेज गेंदबाज अनिक गौड़ ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राजस्थान की अंडर-23 क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से 2 दिसंबर से पुणे में आयोजित होने वाली अंडर-23 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए राजस्थान की 15 सदस्यीय टीम में अनिक का चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है।
जिला क्रिकेट संघ चूरू के सचिव सुशील शर्मा ने बताया कि चैलेंजर ट्रॉफी में अनिक गौड़ ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया था। उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए राजस्थान की चयन समिति ने उन्हें प्रदेश की अंडर-23 टीम में शामिल किया है। राजस्थान की टीम रविवार को राजसमंद रवाना होगी, जहां प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
अंडर-23 टीम में चयनित होने वाले चूरू के पहले खिलाड़ी
जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव जगदीश शर्मा ने बताया कि राजस्थान की अंडर-23 क्रिकेट टीम में चयनित होने वाले अनिक गौड़ चूरू जिले के पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है।
इस वर्ष चूरू के कई खिलाड़ियों ने बनाई प्रदेश की टीम में जगह
संघ के मुरारी लाल शर्मा ने बताया कि जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए यह वर्ष उपलब्धियों भरा रहा है। इसी वर्ष हेमंत का रणजी ट्रॉफी में चयन हुआ, जबकि आंजनेय शर्मा और दिव्यांशु ने राजस्थान की अंडर-16 क्रिकेट टीम में जगह बनाई। अब अनिक गौड़ के अंडर-23 टीम में चयन से जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को एक और बड़ी उपलब्धि मिली है।
जिला क्रिकेट संघ ने दी बधाई
जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पराक्रम सिंह राठौड़ ने अनिक गौड़ के चयन को जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि अनिक की उपलब्धि से जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष रघुनंदन शर्मा, मनोज गढ़वाल, कोषाध्यक्ष दीनदयाल सारस्वत, कमल पुजारी, भंवर वीरेंद्र सिंह, सौरभ सारस्वत, हरीश राजदेव, अमित सिंह, वसीम अहमद और दीपक स्वामी सहित संघ पदाधिकारियों ने अनिक गौड़ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2561000


