[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

78 साल बाद भी जिंदा है परमवीर पीरू सिंह का पराक्रम, शौर्य दिवस पर उमड़ा पूरा झुंझुनूं


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

78 साल बाद भी जिंदा है परमवीर पीरू सिंह का पराक्रम, शौर्य दिवस पर उमड़ा पूरा झुंझुनूं

कीर्ति चक्र विजेता महेंद्र सिंह, वीर चक्र विजेता कैप्टन अयूब खान, परमवीर पीरू सिंह के परिजन और 51 वीरांगनाओं का हुआ सम्मान

जनमानस शेखावाटी सवांददाता : अशोक राईका

झुंझुनूं : वीरों की धरती झुंझुनूं ने शनिवार को अपने अमर सपूत, राजस्थान के प्रथम परमवीर चक्र विजेता कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह शेखावत के 78वें बलिदान दिवस को पूरे सम्मान और गौरव के साथ शौर्य दिवस के रूप में मनाया। शहर स्थिंत शहीद पीरू सिंह सर्किल पर लायंस क्लब के तत्वावधान में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद शहीद स्मारक पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, लायंस क्लब अध्यक्ष डॉ. डीएन तुलस्यान, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और नागरिकों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर राष्ट्र के अमर वीर को नमन किया। समारोह में कीर्ति चक्र विजेता महेंद्र सिंह, वीर चक्र विजेता कैप्टन अयूब खान के परिजन, परमवीर पीरू सिंह शेखावत के परिजन तथा 51 वीरांगनाओं का सम्मान किया गया।

अतिथियों ने कहा कि वीर सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके त्याग और समर्पण के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि झुंझुनूं की मिट्टी ने हमेशा देश को ऐसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। परमवीर पीरू सिंह शेखावत का जीवन राष्ट्रभक्ति, अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान का अनुपम उदाहरण है। उनका शौर्य आज भी युवाओं को देश सेवा और राष्ट्र रक्षा के लिए प्रेरित करता है।

सम्मान मिला, लेकिन गांव अब भी सुविधाओं से दूर
शौर्य दिवस समारोह में शहीद पीरू सिंह के पोते और सीएमएचओ डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत ने मिडिया से चर्चा करते हुए कहा कि परिवार का सम्मान मिलना गर्व की बात है, लेकिन राजस्थान के पहले परमवीर चक्र विजेता का गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। उन्होंने बताया कि गांव में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं हैं। स्कूल में शहीद पीरू सिंह के नाम की पट्टिका भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनके गांव का भी सम्मान के अनुरूप विकास किया जाए। डॉ. शेखावत ने प्रशासन से आग्रह किया कि शहीद पीरू सिंह के गांव के विकास को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आने वाली पीढि़यां उनके बलिदान और गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा ले सकें।

टीथवाल की लड़ाई में दिखाई अद्भुत वीरता
झुंझुनूं जिले के बेरी गांव में 20 मई 1918 को जन्मे पीरू सिंह शेखावत वर्ष 1936 में भारतीय सेना की 6 राजपूताना राइफल्स में भर्ती हुए। वर्ष 1948 के भारत-पाक युद्ध के दौरान जम्मू-कश्मीर के टीथवाल सेक्टर में उन्होंने दुश्मन के मजबूत मोर्चों पर हमला बोलते हुए अद्वितीय वीरता का परिचय दिया। 18 जुलाई 1948 को दुश्मन के बंकरों पर धावा बोलते समय उन्होंने कई पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। हमले के दौरान उनके चेहरे पर ग्रेनेड फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पीछे हटने से इनकार कर दिया। लहूलुहान अवस्था में भी वे लगातार दुश्मन के बंकरों पर हमला करते रहे। तीसरे बंकर पर धावा बोलते समय उनके सिर में गोली लगी और वे वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने अंतिम सांस तक मातृभूमि की रक्षा का संकल्प निभाया। उनके अद्वितीय शौर्य और सर्वोच्च बलिदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया। वे राजस्थान के पहले सैनिक हैं जिन्हें देश का सर्वोच्च वीरता सम्मान प्राप्त हुआ।

ये भी रहे मौजूद
एसपी कावेन्द्र सिंह सागर, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, एसडीएम रामकरण सिंह, एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत, पूर्व आईएएस डॉ. राजेंद्र सिंह शेखावत, कांग्रेस प्रवक्ता यशवर्धन सिंह शेखावत, रोहिताश्व बंसल, प्रदीप पाटोदिया, रघुनाथ प्रसाद पोद्दार, भागीरथ प्रसाद जांगिड, शिवकुमार जांगिड़, गोपाल कृष्ण गुप्ता, नरेंद्र व्यास, डॉ. उम्मेद सिंह शेखावत, डॉ. नरेंद्र सिंह नरुका, श्यामसुंदर टीबडा, सुनील कौशिक, दयाशंकर अरडावतिया, मांगीलाल वर्मा, शकुंतला पुरोहित, शिवरतन शर्मा, डॉक्टर उम्मेद सिंह शेखावत, महिपाल सिंह, अमरनाथ जांगिड़, उषा अरडावतिया, डॉ बबीता कुमावत, मनोज सिंह टिकेएन, जवाहर सिंह, विकास खटोड़, मुबारिक अली पठान, राजेंद्र सिंह शेखावत, संपतराम पुरोहित, रामप्रताप कुमावत सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles