चूरू के शुभम वर्मा ने ब्रिटेन की कील यूनिवर्सिटी से हासिल की मास्टर डिग्री
पहले छात्रसंघ सचिव बने, फिर स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवॉर्ड जीता, अब दीक्षांत समारोह में मिली स्नातकोत्तर उपाधि
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : मोहम्मद अली पठान
चूरू : जिला मुख्यालय के होनहार युवा शुभम वर्मा ने ब्रिटेन में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। यूनाइटेड किंगडम के स्टोक-ऑन-ट्रेंट स्थित कील यूनिवर्सिटी के मंगलवार को आयोजित दीक्षांत समारोह में शुभम वर्मा को विश्वविद्यालय के डिप्टी वाइस-चांसलर प्रो. मार्क ऑरमरोड ने स्नातकोत्तर (मास्टर) की डिग्री प्रदान की।
शुभम इससे पहले भी अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता के दम पर विश्वविद्यालय में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। वे कील यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन में सचिव (सेक्रेटरी) पद पर निर्वाचित होने वाले चूरू ही नहीं, बल्कि राजस्थान के पहले छात्र बने थे। इस दौरान उन्होंने भारतीय विद्यार्थियों की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।

इसके बाद वर्ष 2025 का “स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवॉर्ड” भी शुभम को प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध कार्य, प्रबंधन क्षेत्र में नवाचारपूर्ण योगदान, नेतृत्व क्षमता तथा अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में उल्लेखनीय सहभागिता के लिए दिया गया। उस समय विश्वविद्यालय के बिजनेस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के प्रोफेसर कॉलिन ने शुभम की उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए कहा था कि उन्होंने केवल विश्वविद्यालय ही नहीं, बल्कि भारतीय विद्यार्थियों को भी गौरवान्वित किया है।
मंगलवार को मास्टर डिग्री प्राप्त करने के साथ शुभम ने अपनी शैक्षणिक यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव सफलतापूर्वक पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने इसे चूरू के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि प्रतिभा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान बनाई जा सकती है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19





Total views : 2258987


