[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

डॉ. यदूराज सिंह नाथावत ने किया बीडीके अस्पताल का निरीक्षण


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

डॉ. यदूराज सिंह नाथावत ने किया बीडीके अस्पताल का निरीक्षण

मरीजों से लिया फीडबैक, आरसीएच समन्वय समिति की बैठक में दिए आवश्यक निर्देश

झुंझुनूं : जिले के सबसे बड़े राजकीय बीडीके अस्पताल का गुरुवार को जयपुर संभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. यदूराज सिंह नाथावत ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के मेडिसिन, सर्जरी, जनाना वार्ड, ओटी और आईसीयू सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया तथा मरीजों से व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।

डॉ. नाथावत ने ओपीडी कक्ष में चिकित्सकों और मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता पर संतोष जताया।

उन्होंने टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण करते हुए एएनएम द्वारा यूविन पोर्टल पर किए जा रहे इंद्राज, ड्यूटी लिस्ट तैयार करने और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी पल्स पोलियो महाभियान की तैयारियों का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. राकेश कुमार से रक्त की उपलब्धता और रक्तदान शिविरों के संबंध में जानकारी ली। डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि ब्लड बैंक द्वारा प्रतिवर्ष करीब 5 हजार मरीजों को रक्त अथवा रक्त घटक उपलब्ध करवाए जाते हैं, जो एनीमिया, थैलेसीमिया और शल्य चिकित्सा वाले मरीजों के लिए उपयोगी होते हैं।

डॉ. नाथावत ने मेडिसिन एवं सर्जरी वार्डों का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि ओपीडी मरीजों की संख्या के अनुपात में भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ाने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने वार्डों में जंबो कूलर के माध्यम से मरीजों को गर्मी से राहत देने की व्यवस्था को संतोषजनक और अनुकरणीय बताया।

लेबर रूम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। वहीं ऑपरेशन थिएटर में ऑपरेशन से पहले और बाद के प्रोटोकॉल को प्रदर्शित करने एवं उनकी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑपरेशन से एक दिन पहले ओटी सूची और प्रतीक्षा सूची तैयार करने के लिए भी कहा।

पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि अस्पताल की ओपीडी 2500 से अधिक होने के बाद एक अतिरिक्त काउंटर शुरू किया गया है। आगामी दिनों में दो और अतिरिक्त काउंटर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आईसीयू में 24 घंटे चिकित्सकों की ड्यूटी लगाकर व्यवस्था मजबूत की गई है। अस्पताल की लैब, एक्स-रे, सीटी स्कैन और ब्लड बैंक सेवाएं भी 24 घंटे संचालित की जा रही हैं।

इसके बाद डॉ. यदूराज सिंह नाथावत ने आरसीएच समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकाधिक एएनसी पंजीकरण, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान और पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अस्पताल की मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर के आंकड़े राज्य स्तर से बेहतर रहने पर चिकित्सकों और कर्मचारियों को बधाई दी। साथ ही रेडियोलॉजिस्ट और अस्थि रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव एवं सुझाव भेजने के निर्देश दिए। ट्रॉमा सेंटर को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के लिए बजट उपलब्धता संबंधी फीडबैक भी देने की बात कही।

इस दौरान सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर, पीएमओ डॉ. जितेंद्र भाम्बू, डॉ. डीएन सिंह, डॉ. कमल अग्रवाल, डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, डॉ. प्रियंका शेखसरिया, डॉ. नरेंद्र काजला, डॉ. श्यामलाल, डॉ. आकाश जाखड़, डॉ. नावीद, नर्सिंग अधीक्षक ओमप्रकाश जांगीड़ सहित अस्पताल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles