[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

जमीन के सीमा ज्ञान के दौरान 2 घंटे तक चला हंगामा:जमीन की पैमाइश करने गई टीम के सामने महिला बेहोश,राजस्व टीम व पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
झुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

जमीन के सीमा ज्ञान के दौरान 2 घंटे तक चला हंगामा:जमीन की पैमाइश करने गई टीम के सामने महिला बेहोश,राजस्व टीम व पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा

जमीन के सीमा ज्ञान के दौरान 2 घंटे तक चला हंगामा:जमीन की पैमाइश करने गई टीम के सामने महिला बेहोश,राजस्व टीम व पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा

झुंझुनूं : जिले के लालपुर गांव में पुश्तैनी जमीन के सीमा ज्ञान (सीमांकन) को लेकर शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। विरोध के दौरान कुछ युवक आत्मघाती कदम उठाने की धमकी देते हुए बिजली के ट्रांसफॉर्मर की ओर दौड़ पड़े, जबकि अफरा-तफरी के बीच एक महिला बेहोश हो गई। हालात बिगड़ते देख राजस्व टीम को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा।

15 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ पहुंची थी टीम

जानकारी के अनुसार, विवादित जमीन के एक खातेदार ने अपनी भूमि का सीमा ज्ञान करवाने के लिए तहसील कार्यालय में आवेदन दिया था। इससे पहले पटवारी द्वारा सीमांकन का प्रयास किया गया था, लेकिन विरोध के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। कुछ दिन पूर्व तहसीलदार महेंद्र मूंड भी मौके पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें भी विरोध के चलते लौटना पड़ा था।

शुक्रवार को तहसीलदार महेंद्र मूंड राजस्व टीम और बगड़, मंडावा तथा मलसीसर थाना पुलिस के 15 से अधिक जवानों के साथ लालपुर गांव पहुंचे। जैसे ही जमीन की नपाई और सीमा ज्ञान की प्रक्रिया शुरू हुई, दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया।

महिलाओं और पुरुषों ने किया विरोध

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध कर रहे पक्ष की 10 से 12 महिलाएं और कई पुरुष लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीमांकन प्रक्रिया का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। राजस्व अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।

ट्रांसफॉर्मर की ओर दौड़े युवक

हंगामे के दौरान एक-दो युवक आत्महत्या की धमकी देते हुए सड़क किनारे लगे बिजली के चालू ट्रांसफॉर्मर की तरफ दौड़ पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें ट्रांसफॉर्मर तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई।

हंगामे के बीच महिला हुई बेहोश

विवाद और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति के बीच एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। महिला मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ी, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बाद में उसे संभाला गया और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

15 साल पुराना जमीन विवाद बना वजह

ग्रामीणों के अनुसार विवाद एक ही परिवार के सदस्यों के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहा है। बताया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य ने करीब 15 वर्ष पहले अपने हिस्से की लगभग 9 बीघा जमीन दूसरे पक्ष को बेच दी थी। विरोध कर रहे लोगों का दावा है कि जमीन बेचने वाला व्यक्ति वर्षों पहले दूसरे परिवार में गोद चला गया था, इसलिए उसे पुश्तैनी जमीन बेचने का अधिकार नहीं था। इसी मुद्दे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।

क्यों अधूरी छोड़नी पड़ी कार्रवाई

मौके पर मौजूद तहसीलदार महेंद्र मूंड ने बताया कि विरोध कर रहे लोगों की संख्या काफी अधिक थी और उस तुलना में पुलिस जाब्ता सीमित था। माहौल को बिगड़ता देख और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सीमाज्ञान की प्रक्रिया को बीच में ही स्थगित करने का फैसला लिया गया, जिसके बाद पूरी टीम बैरंग वापस लौट आई।

तहसीलदार बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई

तहसीलदार महेंद्र मूंड ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गांव का माहौल खराब होने से बचाने के लिए टीम को वापस बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और हंगामा करने वाले लोगों की वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। राजकार्य में बाधा पहुंचाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पूरे दिन तनाव का माहौल बना रहा, जबकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

देखें मौके की फोटोज…

करवाई के दौरान महिला की तबियत बिगड़ी
करवाई के दौरान महिला की तबियत बिगड़ी
मौके पर पुलिस और भारी जाब्ता मौजूद रहा
मौके पर पुलिस और भारी जाब्ता मौजूद रहा

Related Articles