[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

रानोली में नाली निर्माण कार्य अधूरा:करोड़ों रुपए की लागत से बना अटल पथ, मानसून से पहले कार्य पूरा करने की मांग


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यरानौलीसीकर

रानोली में नाली निर्माण कार्य अधूरा:करोड़ों रुपए की लागत से बना अटल पथ, मानसून से पहले कार्य पूरा करने की मांग

रानोली में नाली निर्माण कार्य अधूरा:करोड़ों रुपए की लागत से बना अटल पथ, मानसून से पहले कार्य पूरा करने की मांग

रानोली : रानोली ग्राम पंचायत में स्टेशन रोड से मुख्य बाजार होते हुए लिपड़ी तक करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित अटल पथ पर नाली निर्माण कार्य अधूरा है। इससे ग्रामीणों, व्यापारियों और आमजन में रोष व्याप्त है।

सड़क निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद इसके दोनों ओर प्रस्तावित नालियों और ब्लॉक लगाने का कार्य आज तक पूरा नहीं हो पाया है। एक ओर नाली का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जबकि दूसरी ओर सड़क बनने के लगभग एक वर्ष बाद भी कार्य शुरू नहीं हो सका है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के समय जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पानी सड़क पर जमा हो जाता है। कई बार यह पानी दुकानों और मकानों में भी घुस जाता है, जिससे व्यापारियों और स्थानीय लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

अधूरी नालियों का असर रानोली के सरकारी अस्पताल पर भी पड़ रहा है। बारिश के दौरान पानी अस्पताल परिसर और औषधि भंडारण कक्ष तक पहुंच जाता है, जिससे दवाइयों के खराब होने का खतरा बना रहता है। वहीं, कर्मचारियों को भी पानी निकासी और सफाई का अतिरिक्त प्रबंध करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि आगामी दिनों में मानसून शुरू होने वाला है। यदि समय रहते नाली निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया, तो जलभराव की समस्या और गंभीर हो सकती है। गंदा पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ेगा, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मौसमी बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।

ग्रामीणों और व्यापारियों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को कई बार समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बरसात से पहले नाली निर्माण और ब्लॉक लगाने का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन किया जाएगा।

Related Articles