[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीकर में सप्ताहभर चलेगा जागरूकता अभियान


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
टॉप न्यूज़राजस्थानराज्यसीकर

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीकर में सप्ताहभर चलेगा जागरूकता अभियान

स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नैना माथुर ने वेस्ट-टू-वंडर पार्क और सद्भावना केंद्र का किया निरीक्षण, महिलाओं के बनाए उत्पादों की खरीदारी भी की

सीकर : विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर नगर परिषद सीकर ने 5 जून से 12 जून तक सप्ताहव्यापी जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। अभियान का उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आमजन को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, रीयूज व रिसाइक्लिंग के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के तहत नगर परिषद की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नैना माथुर ने स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र, आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रिसाइकिल) सेंटर और वेस्ट-टू-वंडर पार्क का अवलोकन किया। उन्होंने अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नवाचारों की जानकारी ली।

महिलाओं के प्रयासों की सराहना

भ्रमण के दौरान नैना माथुर ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। महिलाओं द्वारा पुनर्चक्रित सामग्री से तैयार किए जा रहे बैग, पर्स और अन्य उत्पादों की सराहना करते हुए उन्होंने इन्हें आत्मनिर्भरता और आजीविका संवर्धन का बेहतर उदाहरण बताया। उन्होंने स्वयं इन उत्पादों की खरीदारी कर महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया।

पर्यावरण संरक्षण को बनाना होगा जन-आंदोलन

नैना माथुर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप देना जरूरी है। उन्होंने घरों और संस्थानों में कचरे के स्रोत स्तर पर पृथक्करण, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण की आदत विकसित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र और वेस्ट-टू-वंडर पार्क जैसे नवाचार यह साबित करते हैं कि अनुपयोगी वस्तुओं को रचनात्मक सोच और तकनीक के माध्यम से उपयोगी संसाधनों में बदला जा सकता है।

स्वच्छ और हरित सीकर बनाने पर फोकस

नगर परिषद द्वारा अभियान के दौरान स्वच्छता शपथ, जागरूकता रैलियां, जनसंवाद कार्यक्रम, प्रदर्शनी, सामुदायिक सहभागिता गतिविधियां और विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छ एवं हरित सीकर के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

Related Articles