[pj-news-ticker post_cat="breaking-news"]

गुढ़ागौड़जी में विदेशी नंबरों से खौफ: युवक से 5 लाख की रंगदारी मांगी, शाम तक ‘ट्रेलर दिखाने’ की धमकी


निष्पक्ष निर्भीक निरंतर
  • Download App from
  • google-playstore
  • apple-playstore
  • jm-qr-code
X
उदयपुरवाटीझुंझुनूंटॉप न्यूज़राजस्थानराज्य

गुढ़ागौड़जी में विदेशी नंबरों से खौफ: युवक से 5 लाख की रंगदारी मांगी, शाम तक ‘ट्रेलर दिखाने’ की धमकी

कस्बे में व्यापारियों और आमजन में दहशत, पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा; पुलिस तकनीकी जांच में जुटी

उदयपुरवाटी : विधानसभा क्षेत्र के गुढ़ागौड़जी कस्बे में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अब एक युवक को विदेशी नंबरों से फोन कर जान से मारने की धमकी देने और 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रंगदारी न देने पर बदमाश ने युवक को शाम तक “ट्रेलर दिखाने” की खुली चेतावनी भी दी है। लगातार मिल रही धमकियों से पीड़ित और उसका परिवार गहरे खौफ में है। पीड़ित ने गुढ़ागौड़जी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

29 मई से आ रहे थे कॉल, खुद को बताया गैंग का सरगना
पुलिस के अनुसार बामलास निवासी सुनील कुमार धींवा वर्तमान निवासी मानसी विहार, गुढ़ागौड़जी ने मामला दर्ज कराया है। सुनील ने बताया कि गत 29 मई से उसके मोबाइल पर लगातार विदेशी नंबरों से कॉल आ रहे थे। शुरुआत में उसने इन्हें सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया।

मंगलवार को जब उसने कॉल रिसीव किया तो सामने वाले ने खुद को एक बड़े बदमाश गिरोह का सरगना बताते हुए 5 लाख रुपये की डिमांड की। आरोपी ने रकम को एक तय स्थान पर पहुंचाने को कहा और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी।

“शाम तक ट्रेलर दिखा दूंगा…”
आरोपी ने फोन पर युवक को धमकाते हुए कहा कि आज शाम तक रुपयों का बंदोबस्त नहीं हुआ, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना, शाम तक ‘ट्रेलर’ दिखा दिया जाएगा। इस धमकी के बाद से ही पीड़ित का परिवार डरा हुआ है।

पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले, स्कूल संचालक से मांगी थी 2 करोड़ की रंगदारी
कस्बे में विदेशी नंबरों से फिरौती मांगने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी गुढ़ागौड़जी के एक निजी स्कूल संचालक को फोन कर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने करीब एक महीने तक स्कूल संचालक को सुरक्षा मुहैया कराई थी। सूत्रों के मुताबिक, हाल के दिनों में कस्बे के कुछ अन्य युवाओं के पास भी ऐसे ही संदिग्ध इंटरनेशनल कॉल आए हैं, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों में भारी चिंता और आक्रोश है।

इनका कहना –
“मामला बेहद गंभीर है। पीड़ित सुनील कुमार की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल और संदिग्ध विदेशी नंबरों की तकनीकी पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को बेनकाब किया जाएगा।” – थाना पुलिस, गुढ़ागौड़जी

Related Articles