नांगल नदी पर ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी, पुलिस की सख्ती देख रास्ते बदलकर भागे वाहन चालक, देर रात तक चली सघन चेकिंग
उदयपुरवाटी में आईजी के निर्देश पर रात 12 से सुबह 6 बजे तक थमी रही संदिग्धों की रफ्तार, नांगल नदी पर पुलिस ने जांचे वाहन, नियमों की दी हिदायत
उदयपुरवाटी : विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अपराधों की रोकथाम, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश के सख्त निर्देशन में मंगलवार देर रात को क्षेत्र में ‘ए’ श्रेणी की विशेष नाकाबंदी की गई। यह अभियान नांगल नदी स्थित तिरुपति बालाजी मंदिर के पास रात्रि 12:00 बजे से लेकर सुबह 6:00 बजे तक पूरी मुस्तैदी के साथ चलाया गया।
थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस दौरान आने-जाने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की सघन जांच की और संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की। नाकाबंदी के दौरान विशेष रूप से काली फिल्म (काले शीशे) वाले वाहनों, अवैध गाटर लगी गाड़ियों, बिना नंबर प्लेट के दौड़ने वाले वाहनों तथा यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। वहीं बिना हेलमेट के पाए गए दोपहिया वाहन चालकों को रोककर न केवल समझाइश की गई, बल्कि उन्हें सुरक्षा के लिहाज से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित भी किया गया।

पुलिस की मुस्तैदी देख घूमा लिए वाहनों के पहिए
आधी रात को पुलिस की इस भारी नाकाबंदी और सख्ती को देखकर कई वाहन चालकों के पसीने छूट गए। जांच और कार्रवाई से बचने के लिए कई बाइक सवार व अन्य गाड़ी चालक दूर से ही अपने वाहन घुमाकर दूसरे रास्तों से भागते हुए नजर आए। हालांकि पुलिस के जवानों ने अन्य संपर्क मार्गों पर भी पैनी नजर रखी हुई थी, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
सुरक्षा का माहौल रहेगा कायम – थानाधिकारी
मामले को लेकर थानाधिकारी रामपाल मीणा ने बताया कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए इस प्रकार की ‘ए’ श्रेणी की विशेष नाकाबंदी आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस अभियान को सफल बनाने में पुलिस टीम ने पूरी रात मोर्चा संभाला। सोमवार को हुई नाकाबंदी के दौरान एएसआई ताराचंद, एएसआई सुभाष, एएसआई जीवनराम, कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, महिला कांस्टेबल रिंकू, आशा व ड्राइवर नीरज कुमार तैनात रहे। वहीं मंगलवार देर रात्रि की नाकाबंदी के दौरान हेड कांस्टेबल लीलचंद, हेड कांस्टेबल हरसहाय, कांस्टेबल राकेश कुमार तथा 112 गाड़ी के ड्राइवर सुनील कुमार सहित भारी जाब्ते ने मुस्तैदी से वाहनों की जांच की।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2184983


