खेतड़ी के श्योलपुरा में 2 करोड़ की सड़क को लेकर बवाल, स्वीकृत सड़क दूसरी जगह बनाने के आरोप में ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
पूर्व सरपंच हुक्मीचंद मेहरड़ा के नेतृत्व में ग्रामीणो ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग, कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर जताया रोष
जनमानस शेखावाटी सवांददाता : विजेन्द्र शर्मा
खेतड़ी : उपखंड क्षेत्र के श्योलपुरा गांव में ग्रामीणों ने तातीजा के पूर्व सरपंच हुक्मीचंद मेहरड़ा के नेतृत्व में श्योलपुरा-तातीजा सड़क मार्ग पर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत वर्ष 2023 में श्योलपुरा से गोरधनपुरा मार्ग पर तातीजा सीमा तक करीब 5 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था, लेकिन विभाग ने स्वीकृत मार्ग पर सड़क बनाने के बजाय इसका निर्माण दूसरी दिशा में कर दिया।
पूर्व सरपंच हुक्मीचंद मेहरड़ा ने बताया कि स्वीकृत सड़क का निर्माण श्योलपुरा से तातीजा मार्ग पर होना था, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलती, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते सड़क का रूट बदल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी फाइलों में हेराफेरी कर सड़क का निर्माण तातीजा से देवाला जोहड़ की ओर कर दिया गया, जबकि श्योलपुरा से तातीजा मार्ग आज भी ग्रेवल सड़क के रूप में ही बना हुआ है।
सेवानिवृत्त व्याख्याता मांगूराम तंवर ने कहा कि सड़क स्वीकृत होने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल था और उन्हें वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन अधिकारियों ने राजनीतिक दबाव और भ्रष्टाचार के चलते स्वीकृत मार्ग को बदल दिया। इससे श्योलपुरा के ग्रामीणों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका।ग्रामीणों का कहना है कि तातीजा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान लगाए गए पत्थरों पर “श्योलपुरा” अंकित होने से पूरे मामले का खुलासा हुआ। उनका आरोप है कि बजट श्योलपुरा मार्ग के नाम पर स्वीकृत हुआ, जबकि निर्माण कार्य अन्य स्थान पर कर दिया गया, जो ग्रामीणों के साथ अन्याय है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की जांच करवाने के लिए वे सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, उच्च अधिकारियों, उपखंड अधिकारी, जिला कलेक्टर तथा मुख्यमंत्री तक कई बार ज्ञापन दे चुके हैं। इसके अलावा उपखंड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच करवाने, कथित अनियमितताओं में शामिल दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा स्वीकृत श्योलपुरा-तातीजा मार्ग पर ही 5 किलोमीटर सड़क का निर्माण करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले की निष्पक्ष जांच नहीं करवाई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में पूर्व सरपंच हुक्मीचंद मेहरड़ा, सेवानिवृत्त व्याख्याता मांगूराम तंवर, भोपेंद्र शर्मा, फूलाराम बजाड़, घीसाराम, शीशराम कसाना, पूर्व पंचायत समिति सदस्य चुन्नीलाल, उप सरपंच गोकुलराम, कर्मवीर, ओमप्रकाश, मोहित, प्रसादाराम, विजय सिंह, लीलाराम, गणेश कसाना, पृथ्वी सिंह, बहादुर सिंह, हेमराज बजाड़, महिपाल सिंह, राजवीर बजाड़, रतिराम मरोड़िया, मानसिंह मरोड़िया, संदीप बजाड़, सुमेर बजाड़, अंकित बजाड़, महेंद्र सिंह, राकेश बजाड़, सत्यवीर बजाड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19






Total views : 2177845


