जसरापुर-बड़ाऊ में गौरव पथ को प्रशासनिक मंजूरी मिली
करोड़ों की लागत से बस स्टैंड से स्कूल-कॉलेज तक जुड़ेंगे रास्ते, पूरे गांव का आवागमन होगा आसान
जनमानस शेखावाटी सवंददाता : विजेन्द्र शर्मा
खेतड़ी : क्षेत्र के जसरापुर और बड़ाऊ गांवों में गौरव पथ (अटल पथ) निर्माण को लेकर बड़ी राहत की खबर सामने आई है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा दोनों गांवों के लिए भेजे गए प्रस्तावों को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है, जिसके बाद अब जल्द ही इन सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत यह कार्य उन ग्राम पंचायतों में किया जा रहा है, जिनकी आबादी पांच हजार से अधिक है।जसरापुर ग्राम पंचायत में करीब 2 किलोमीटर लंबा अटल पथ बनाया जाएगा। यह मार्ग मुख्य बस स्टैंड से शुरू होकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुम्हारों का मोहल्ला, मालियों का मोहल्ला, खटीकान मोहल्ला, मुस्लिम मोहल्ला और बावड़ी होते हुए कॉलेज तक पहुंचेगा।
इस सड़क के निर्माण पर लगभग दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे गांव के प्रमुख हिस्सों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।इसी तरह बड़ाऊ गांव में लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा गौरव पथ बनाया जाएगा। यह सड़क श्रीकृष्णनगर चौराहे से शुरू होकर मुख्य बस स्टैंड, मॉडर्न पब्लिक स्कूल, मेघवाल मोहल्ला, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय और ब्राह्मणों का मोहल्ला होते हुए स्टेट हाईवे-82 तक जुड़ेगी। इससे गांव के विभिन्न मोहल्लों और शैक्षणिक संस्थानों तक सीधा संपर्क स्थापित होगा।
पीडब्ल्यूडी खेतड़ी के सहायक अभियंता (एईएन) प्रणव शिला ने बताया कि दोनों गांवों में गौरव पथ निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। अब जल्द ही वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी और टेंडर जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर पांच हजार से अधिक जनसंख्या वाली पंचायतों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल पथ योजना लागू की गई है।
अटल पथ सीमेंटेड सड़कों के रूप में बनाए जाएंगे, जिनकी सामान्य चौड़ाई करीब 7 मीटर होगी। हालांकि, जहां स्थान की कमी होगी, वहां आवश्यकता अनुसार चौड़ाई में बदलाव किया जा सकेगा।
जसरापुर में गौरव पथ को प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर सरपंच मंजू देवी और झंडूराम गुर्जर ने खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर और राज्य सरकार का आभार जताया। वहीं बड़ाऊ सरपंच ने भी लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस सड़क के बनने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2134483

