रींगस श्याम मंदिर में उमड़ी भारी भीड़, व्यवस्था चरमराई
बसंत पंचमी पर पितांबरी वितरण को लेकर हालात बेकाबू, मंदिर के द्वार करने पड़े बंद
जनमानस शेखावाटी सवंददाता : नैना शेखावत
रींगस : सीकर जिले के रींगस में बसंत पंचमी के अवसर पर स्थित श्याम मंदिर में पितांबरी (बागा) वितरण को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा, जिससे कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए। भीड़ के अत्यधिक दबाव को देखते हुए मंदिर प्रशासन को मजबूरन कुछ समय के लिए मंदिर के द्वार बंद करने पड़े।
भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और श्रद्धालुओं को समझाइश कर कतारबद्ध दर्शन कराने का प्रयास किया, लेकिन श्रद्धालुओं की संख्या अनुमान से कहीं अधिक होने के कारण व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण साबित हुआ।
बताया जा रहा है कि बसंत पंचमी के अवसर पर पितांबरी वितरण को लेकर रींगस श्याम मंदिर के पुजारियों द्वारा पहले से ही व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था। इसी के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु पितांबरी प्राप्त करने के उद्देश्य से मंदिर पहुंचे, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
उल्लेखनीय है कि दूसरी ओर खाटू श्याम मंदिर कमेटी ने भीड़ नियंत्रण और अव्यवस्था से बचने के उद्देश्य से पहले ही बागा वितरण जैसी परंपरा से इंकार कर दिया था। इसके बावजूद रींगस श्याम मंदिर में प्रचार के कारण श्रद्धालुओं की भारी आमद देखी गई।
हालांकि इस दौरान किसी प्रकार की अनहोनी की सूचना नहीं है, लेकिन अत्यधिक भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन की ओर से भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए पूर्व अनुमति, सीमित वितरण और बेहतर भीड़ प्रबंधन की आवश्यकता जताई गई है।
देश
विदेश
प्रदेश
संपादकीय
वीडियो
आर्टिकल
व्यंजन
स्वास्थ्य
बॉलीवुड
G.K
खेल
बिजनेस
गैजेट्स
पर्यटन
राजनीति
मौसम
ऑटो-वर्ल्ड
करियर/शिक्षा
लाइफस्टाइल
धर्म/ज्योतिष
सरकारी योजना
फेक न्यूज एक्सपोज़
मनोरंजन
क्राइम
चुनाव
ट्रेंडिंग
Covid-19







Total views : 2058316

