पचेरी पुलिस ने हरियाणा के युवक को किया गिरफ्तार:अवैध पिस्टल की जब्त, गश्त के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई
पचेरी पुलिस ने हरियाणा के युवक को किया गिरफ्तार:अवैध पिस्टल की जब्त, गश्त के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई

पचेरी कलां : झुंझुनूं पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार 14 अक्टूबर को पचेरी कलां थाना पुलिस ने गश्त के दौरान हरियाणा के नारनौल निवासी 27 वर्षीय दीपचंद को अवैध देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम 14 अक्टूबर को पचेरी कलां कस्बे में गश्त कर रही थी, तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी जींस के बेल्ट के अंदर प्लास्टिक की थैली में लिपटी एक देसी पिस्टल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपचंद पुत्र सुबेसिंह, निवासी जाखणी, थाना सदर नारनौल (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा हथियार का लाइसेंस मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई थानाधिकारी राजपाल यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। टीम में थानाधिकारी राजपाल यादव के साथ शैतानराम एचसी 22, सहीराम एचसी 104, कमलेश कानि 1047, हंसराज कानि 1317 और विजय कानि 1367 सहित बलकेश कानि 1093 जैसे पुलिसकर्मी शामिल थे। थानाधिकारी राजपाल यादव ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास यह पिस्टल कहां से आई और वह इसे लेकर किस उद्देश्य से घूम रहा था।