बिसाऊ के आदर्श विद्या मंदिर में सप्त शक्ति संगम:संघ शताब्दी वर्ष पर मातृ सम्मेलन, नगर की विशिष्ट महिलाओं का किया सम्मान
बिसाऊ के आदर्श विद्या मंदिर में सप्त शक्ति संगम:संघ शताब्दी वर्ष पर मातृ सम्मेलन, नगर की विशिष्ट महिलाओं का किया सम्मान

बिसाऊ : बिसाऊ के आदर्श विद्या मंदिर परिसर में रविवार को संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सप्त शक्ति संगम (मातृ सम्मेलन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की योजनानुसार आयोजित इस सम्मेलन में 150 महिलाओं ने भाग लिया। मनीषा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्रधानाध्यापिका नम्रता मुख्य अतिथि रहीं।
कार्यक्रम संयोजिका सोनम वर्मा ने बताया कि यह सम्मेलन मातृ शक्ति को समर्पित था। इस दौरान कविता सैनी, सत्यभामा स्वामी और गरिमा जोशी ने उद्बोधन देते हुए कहा कि मां बच्चे की प्रथम गुरु होती है, वही बालक का निर्माण करती है और प्रेरणा स्रोत बनती है।
वक्ताओं ने महिलाओं के लिए कुटुंब प्रबोधन, भारत के विकास में महिलाओं का योगदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। नगर के लघु व कुटीर उद्योग की मुखिया महिलाओं ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई।
उपस्थित मातृ शक्ति के लिए प्रश्नोत्तरी और विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही, नगर की विशिष्ट महिलाओं का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का समापन एक संकल्प के साथ हुआ। मंच संचालन सविता जोशी ने किया।