खेतड़ी में बाबई पुलिस की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई:डोगर बावड़ी तिराहे पर अवैध शराब बेच रहे युवक को गिरफ्तार किया
खेतड़ी में बाबई पुलिस की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई:डोगर बावड़ी तिराहे पर अवैध शराब बेच रहे युवक को गिरफ्तार किया

बबाई : बबाई पुलिस ने शनिवार को अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। डोगर बावड़ी तिराहे से अवैध शराब बेचते हुए विक्रम सिंह पुत्र मुखराम गुर्जर को पकड़ा गया।
थानाधिकारी जयप्रकाश सिंह तंवर ने बताया- इलाके में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोगर बावड़ी तिराहे पर एक व्यक्ति अवैध गतिविधियों में शामिल हो सकता है।
पुलिस को देखकर भागा
सूचना पर पुलिस टीम डोगर बावड़ी पहुंची, जहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक का कट्टा लिए खड़ा मिला। पुलिस को देखकर वो भागने लगा जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्रम सिंह पुत्र मुखराम गुर्जर निवासी लाखा का नांगल डाबला बताया।
अवैध शराब बरामद
तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने जब उससे सवाल-जवाब किया तो युवक ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। थानाधिकारी ने बताया- आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही है और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल बलवीर सिंह, राजेश कुमार और पृथ्वी सिंह की टीम शामिल थी।